
इंदौर। शहर में अच्छी बारिश के लिए अब थोड़ा इंतजार करना होगा। पिछले दो-तीन दिनों से खुला मौसम अगले कुछ दिन और खुला ही रहेगा। इस दौरान सिर्फ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन अच्छी बारिश अब 3 अगस्त के बाद ही देखने को मिल सकती है।
भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक अभी इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों में मानसून का कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है। इसके कारण हल्की बारिश की संभावना जरूर नजर आ सकती है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम का असर इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों में 3 अगस्त के बाद देखने को मिलेगा। इस दौरान तीन से चार दिन अच्छी बारिश के आसार हैं। इंदौर विमानतल स्थित मौसम केंद्र के अनुसार कल सुबह 8.30 बजे से आज सुबह 8.30 बजे के बीच इंदौर में 1.4 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। दिन का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री रहा, जो सामान्य था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved