उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

सिंहस्थ क्षेत्र के 550 अतिक्रमणों की बारी

  • जल्द हो सकती है कार्रवाई शुरु-रजिस्ट्रियों की जानकारी भी प्रशासन ने पूर्व में मंगा ली थी

उज्जैन। सिंहस्थ क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को हटाने की कई बार बात होती है लेकिन काम रूक जाता है। पूर्व में ही 550 से अधिक अतिक्रमणों की सूची बनाकर रखी गई थी जिन पर रेस्टोरेंट, मकान, मैरिज गार्डन एवं लाज खुली हुई है। बताया जा रहा है कि शीघ्र ही कार्रवाई शुरु हो सकती है।
पिछले महीने सिंहस्थ क्षेत्र के अतिक्रमणों पर कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन ने प्लानिंग की थी। इसके अंतर्गत सिंहस्थ क्षेत्र में आने वाले पीपली नाका और आगर रोड क्षेत्र में आने वाले अतिक्रमणों पर संभवत: अगले सप्ताह से कार्रवाई शुरू हो सकती है। सिंहस्थ मेला क्षेत्र के लिए आरक्षित जमीन पर हुए अतिक्रमणों और अवैध निर्माणों को लेकर तत्कालिन कलेक्टर मनीष सिंह से मिलकर अखाड़ा परिषद ने मेला क्षेत्र में हुए नए अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। इसके बाद कलेक्टर मनीष सिंह ने मेला क्षेत्र में साल 2018 तक हुए अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों का राजस्व विभाग की टीम से सर्वे कराया था। इसमें 550 से अधिक अवैध निर्माण और अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे।


यह सभी सिंहस्थ मेला क्षेत्र की जमीन पर 2 साल में हो गए थे। उन्होंने रजिस्ट्रार विभाग से भी साल 2016 से 2018 के बीच सिंहस्थ मेला क्षेत्र की जमीनों की रजिस्ट्रियों की डिटेल मांगी थी। रजिस्ट्रार विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी जिला प्रशासन को दे दी थी। इसके बाद उन्होंने मंगलनाथ क्षेत्र से इन अतिक्रमणों को हटाने की शुरुआत भी कर दी। परंतु उनके उज्जैन से तबादले के बाद यह कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई थी। इधर इसके बाद कोरोना काल शुरू हो गया था, किंतु पिछले महीने जिला प्रशासन ने फिर से सिंहस्थ क्षेत्र के चिह्नित अतिक्रमणों पर कार्रवाई के लिए योजना बनाई थी। इसके तहत पीपली नाका और आगर रोड के सिंहस्थ क्षेत्र में आने वाले दायरे में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का निर्णय लिया गया था। इस बारे में कलेक्टर आशीष सिंह का कहना है कि संभवत: अगले सप्ताह से उक्त दो सिंहस्थ क्षेत्रों के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।

Share:

Next Post

22 अस्थाई चौकिंयों से होगी इज्तिमा स्थिल की निगरानी

Fri Nov 18 , 2022
25 सौ पुलिस जवानों के हाथ सुरक्षा की कमान, एसटीएफ, आरएएफ, व जिला पुलिस बल के जवान रहेंगे शामिल भोपाल। आलमी तबलीगी इज्तिमा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतेजाम किए हैं। इज्तिमा स्थिल में अंदर 22 अस्थाई चौकियां बनाई गई हैं। जिसमें राउंड अ क्लॉक (24 घंटे) पुलिस अधिकारी कर्मचारी तैनात रहेंगे। […]