खंडवा। मप्र में भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) में जुटी भीड़ को देखकर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) काफ ी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा-मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) ने पहले ही दिन महाराष्ट्र (Maharashtra) की यात्रा को हरा दिया। राहुल बोले- मैं मध्यप्रदेश के कांग्रेस (Congress) नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता को ए ग्रेड देता हूं। दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने यात्रा को ऑर्गनाइज किया, जिन्होंने इसमें साथ दिया।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में आज दूसरा दिन है। दूसरे दिन राहुल ने सुबह 6 बजे खंडवा के बोरगांव से यात्रा सुरू की। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ती गई जनसैलाब उमड़ता गया। राहुल की एक झलक पाने के लिए सडक़ों पर हजारों लोगों का हुजूम खड़ा था। साथ ही घरों की छतों पर से भी राहुल पर पुष्प वर्षा की जा रही थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ (Kamal Nath) ने स्वागत करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी हर वर्ग के लोगों से मिल रहे हैं।
बच्चे ने कहा- डॉक्टर बनना चाहता हूं…
यात्रा के दौरान राहुल गांधी मंच पर एक बच्चे को दुलारते नजर आए। बड़े होकर डॉक्टर बनना चाहता हूं…यह सपना है 5 साल के रुद्र का, जो कि भारत जोड़ो यात्रा के लिए सजे स्वागत मंच पर राहुल गांधी के साथ नजर आया।
इंदिराजी ने टार्च की रोशनी में सभा ली थी बुरहानपुर के इसी क्षेत्र में
राहुल गांधी नेहरू-गांधी परिवार के चौथे शख्स हैं, जो बुरहानपुर आए हैं। 41 साल पहले 1980 में इंदिरा गांधी बुरहानपुर आई थीं। तीन दिन यहां रुकी भी थीं। खास यह है कि जिस बोदरली गांव से यात्रा ने मप्र में एंट्री ली है, उसी गांव में इंदिरा गांधी ने रात 2 बजे टार्च की रोशनी में चुनावी सभा को संबोधित किया था।
टंट्या भील के वंशजों से भी मिलेंगेे राहुल गांधी
राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान टंट्या भील (Tantya Bhil) के वंशजों से भी मिलेंगे। वह खंडवा के बड़ौदा अहीर में टंट्या भील की जन्मस्थली भी जाएंगे। अग्निबाण टीम ने टंट्या भील के वंशजों से बात की तो वे सरकार से नाराज नजर आए। बातचीत में उन्होंने बताया, नेता हमारे घर आते हैं, कहते हैं आप टंट्या मामा के वंशज हो, हम आपका सम्मान करेंगे। हम लोग जाते हैं और वो हमें मंच पर बैठाते हैं। वादा करते हैं कि आपकी मदद करेंगे, लेकिन निभाते नहीं हैं।
पायलट के पहुंचने से गहलोत खेमा चिंतित
भारत जोड़ो यात्रा में अचानक सचिन पायलट के शामिल होने से राजस्थान में अशोक गहलोत खेमा चिंतित हो गया है। गौरतलब है कि सचिन पायलट राहुल और प्रियंका के दोनों के नजदीकी हैं और दोनों चाहतें हैं कि पायलट राजस्थान की कमान संभालें।
प्रियंका को भेंट की महेश्वरी साड़ी…जबरदस्त स्वागत
खरगोन के बलवाड़ा में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) का पूर्व संस्कृति मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने स्वागत कर महेश्वरी साड़ी गिफ्ट में दी। खरगोन जिले के बलवाड़ा, बड़वाह एवं सनावद में प्रियंका गांधी के काफिले का भव्य स्वागत हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। प्रियंका गांधी ने बिना रुके हाथ जोडक़र अभिवादन किया।