
इन्दौर। पिछले साल इंदौर में हिंदू नववर्ष पर शुरू किए गए घर-घर भगवा हर घर भगवा के तहत भगवा फहराने का वल्र्ड रिकार्ड बनाया गया था। उसी रिकार्ड को अयोध्या में रामलला को समर्पित करने के लिए आज साढ़े छह सौ इंदौरी भक्तों का जत्था अयोध्या पहुंचा है। इसमें बाबा सत्यनारायण मौर्य भी शामिल हैं, जो रात को सरयू नदी में आरती के साथ जन्मभूमि की सुनो कार्यक्रम रखा जाएगा।
रेलवे स्टेशन पर शहर के गणमान्य नागरिकों और राजनीति से जुड़े लोगों ने श्रद्धालुओं को रवाना किया। संस्था पुरुषार्थ द्वारा आयोजित इस अयोध्या यात्रा के संयोजक नानूराम कुमावत ने बताया कि यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन करते हुए श्रद्धालु आज अयोध्या पहुंच चुके हैं। गत वर्ष गुड़ी पड़वा के स्वागत के लिए शहर के अधिकांश मोहल्लों, गलियों, कालोनियों और मुख्य मार्गो पर बड़े उत्साह से नगरवासियों ने अपने-अपने घर पर भगवा ध्वज लगाए थे।
कई मुख्य मंदिरो तथा मंदिर के परिसर में भगवा पताका फहराई गई थी। इस अभियान को वल्र्ड बुक ऑफ रिकार्ड्स ऑफ लंदन में दर्ज किया गया था। आज दोपहर अयोध्या के धर्ममंडपम में समर्पण कार्यक्रम आयोजित होगा तथा संध्या 5.30 बजे सरयूजी की महाआरती होगी। यह रिकार्ड राम जन्मभूमि न्यास अयोध्या के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास महाराज के निर्देशन में रामलला के चरणों में समर्पित किया जाएगा। कल एक यात्रा भी अयोध्या में निकाली जाएगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved