मॉस्को (moscow)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) ने गुरुवार को वैगनर समूह के प्रमुख येवगेनी वी.प्रिगोझिन येवगेनी (Yevgeny V.Prigozhin) की मौत को लेकर चुप्पी तोड़ी और विमान दुर्घटना में मारे गए सभी दस पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
निजी अर्धसैनिक बल का निर्माण कर यूक्रेन, सीरिया और कई अफ्रीकी देशों में मॉस्को की ओर से लड़ने वाले प्रिगोझिन 23 अगस्त को एक विमान से यात्रा कर रहे थे। यह विमान मॉस्को के उत्तर-पश्चिम में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें वैगनर समूह के प्रमुख की भी मौत हो गई। वह 62 साल के थे।
जिस समय विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, इस बात को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं कि इसमें प्रिगोझिन भी सवार थे या नहीं। उनकी मौत की पुष्टि नहीं की गई थी। पेंटागन के एक प्रवक्ता ने गुरुवार को एक ब्रीफिंग में कहा कि अमेरिका का मानना है कि वैगनर प्रमुख के दुर्घटना में मारे जाने की संभावना है।
विमान त्वेर क्षेत्र दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। यहां पास के ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने विमान को आसमान से गिरते देखा लेकिन उससे पहले उन्होंने एक जोरदार धमाके की आवाज सुनी। रूसी मीडिया की खबरों के मुताबिक इस बात की जांच की जा रही है कि विमान को बम से उड़ाया गया या दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
एक अमेरिकी अधिकारी ने सीबीएस न्यूज को बताया कि विमान में विस्फोट की संभावना प्रतीत होती है। अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस बात की संभावना है कि विमान में बम विस्फोट हुआ होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved