
इंदौर (Indore)। देर रात को एक बाइक पर सवार होकर जा रहे तीन युवकों की बाइक डिवाइडर से जा टकराई। घटना में दो युवकों की जान चली गई, जबकि इनके साथ बाइक पर सवार एक अन्य युवक की जान बच गई। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
भंवरकुआं पुलिस ने बताया कि नेमावर रोड पर हादसा हुआ। रात एक बजे पालदा में रहने वाले पप्पू को सूचना मिली थी कि उसके 30 वर्षीय भाई शांतिलाल पिता मालसिंह निवासी कांटाफोड़ देवास की हादसे में मौत हो गई। वह मौके पर पहुंचा तो शांतिलाल के साथ उसका सहकर्मी दुर्गेश यादव निवासी रायसेन और चंदन भी उसी के साथ बाइक पर थे। दुर्गेश की भी इस हादसे में मौत हो गई, जबकि चंदन को मामूली चोटें आई हैं। दरअसल कल शांतिलाल घर से काम करने के लिए निकला था, लेकिन किसी साथी का जन्मदिन होने के चलते सभी बायपास पर पार्टी मनाने के लिए चले गए थे। लौटते समय तीनों की बाइक नेमावर रोड पर डिवाइडर से जा टकराई और शांतिलाल व दुर्गेश की गंभीर चोटें लगने के चलते मौत हो गई। चंदन को मामूली चोटें आई हैं। शांतिलाल और उसके साथी नेमावर रोड पालदा में महक इंड्रस्टीज में नौकरी करते थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved