
रात को जयपुर से जाने और आने वाली उड़ानें भी निरस्त, एयरपोर्ट पर नाराज यात्रियों ने किया हंगामा
इंदौर। इंदौर (Indore) के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर कल बेंगलुरु (Bengaluru) और जयपुर (Jaipur) से आकर पुणे और जयपुर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बेंगलुरु में इंडिगो (IndiGo flight)का विमान खराब हो जाने के कारण सुधार के बाद यह देर रात इंदौर पहुंचा और यात्रियों को लेकर 1 बजे पुणे गया। वहीं कंपनी ने जयपुर जाने और आने वाली फ्लाइट को निरस्त भी कर दिया। उड़ानों के निरस्त और लेट होने से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई-747/147) रात 9.25 बजे बेंगलुरु से इंदौर आकर 9.55 बजे पुणे जाती है। अधिकारियों ने बताया कि कल यह विमान बेंगलुरु से इंदौर आने से पहले ही बेंगलुरु एयरपोर्ट पर खराब हो गया था। इसके चलते इसका सुधार किया गया, जिसमें करीब 3 घंटे का समय लगा। इसके बाद यात्रियों को लेकर यह रात 12.30 बजे इंदौर पहुंचा और यहां से यात्रियों को लेकर 1 बजे पुणे के लिए रवाना हुआ। इस दौरान यात्री एयरपोर्ट पर ही परेशान होते रहे। कंपनी ने यात्रियों के खाने-पीने की व्यवस्था करने के साथ ही उन्हें रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प भी दिया।
रात जयपुर जाने वाली फ्लाइट को निरस्त कर सुबह भेजा
अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट रात 10.20 बजे जयपुर से इंदौर जाकर सुबह 6.35 बजे वापस जयपुर जाती है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में कई बार इस फ्लाइट के लेट होने कारण रात को आने और सुबह जाने वाली उड़ानों को निरस्त करना पड़ रहा है। कल भी रात को आने वाली फ्लाइट लेट होने के कारण निरस्त घोषित की गई। वहीं कंपनी ने रात 8.40 बजे जयपुर जाने वाली फ्लाइट को भी निरस्त कर दिया। इसके लिए कंपनी ने ऑपरेशनल कारणों का हवाला दिया। यह विमान आज सुबह 6.35 बजे रात के और सुबह के यात्रियों को साथ लेकर जयपुर रवाना हुआ।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved