
कोलकाता। पश्चिम बंगाल (West Bengal) में इस साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एक ओर जहां राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य में चल रही मतदाता सूची (voter list) की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया भी चर्चा का केंद्र बनी हुई है। इसी बीच राहत भरी खबर सामने आई है कि नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन (Amartya Sen) का नाम संशोधित मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया है। चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
राज्य में नवंबर से विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में शांतिनिकेतन स्थित अमर्त्य सेन के आवास पर सुनवाई का नोटिस भेजा गया था, जिसके बाद राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में व्यापक चर्चा शुरू हो गई थी। जब अधिकारी सुनवाई के लिए उनके घर पहुंचे, उस समय वह विदेश में थे। उनकी अनुपस्थिति में परिवार की ओर से आवश्यक दस्तावेज चुनाव अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए।
दस्तावेजों की जांच के बाद मिला दर्जा
सुनवाई के दौरान वर्ष 2002 की मतदाता सूची की प्रति, अमर्त्य सेन का पासपोर्ट, आधार कार्ड और उनकी माता अमिता सेन का मृत्यु प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया। दस्तावेजों की जांच के बाद चुनाव आयोग ने उनका नाम अंतिम सूची में शामिल कर लिया। हालांकि, सूची में उनकी स्थिति ‘अनिवासी भारतीय’ (एनआरआई) के रूप में दर्ज की गई है।
परिवार की चिंता हुई दूर
नोटिस मिलने के बाद परिवार और करीबी लोगों के बीच यह आशंका बनी हुई थी कि कहीं उनका नाम मतदाता सूची से हटा न दिया जाए। जरूरी कागजात जमा कराने के बावजूद अनिश्चितता का माहौल था। लेकिन अंतिम सूची जारी होने के बाद जब उनका नाम शामिल पाया गया तो परिवार ने राहत की सांस ली। करीबी सूत्रों के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया ने अनावश्यक तनाव पैदा कर दिया था।
लाखों नाम हटे, मतदाताओं की संख्या घटी
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया शुरू होने के बाद पश्चिम बंगाल में करीब 63.66 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 8.3 प्रतिशत है। अब राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या घटकर करीब 7.04 करोड़ रह गई है। ऐसे में सभी दस्तावेजों की पुष्टि के बाद अमर्त्य सेन का नाम अंतिम सूची में बरकरार रहना उनके परिवार और समर्थकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved