img-fluid

इंदौर में धड़ाधड़ हो रहे 4 इंची बोरिंग, कई जगह पानी उतरा

March 22, 2026

  • बोरिंग करने वालों के पास फुर्सत नहीं, 10 दिन की वेटिंग बता रहे

इंदौर। संभावित पानी की कमी को देखते हुए इंदौर में धड़ाधड़ बोरिंग होना शुरू हेा गए हैं। तकरीबन हर नए मकान पर तो बोरिंग करवाया ही जा रहा है, वहीं पुराने मकानों में 4 इंची बोरिंग करवाकर पानी का दोहन किया जा रहा है। हालात यह है कि शहर में 4 इंची बोरिंग मशीन की कमी हो गई है, वहीं बोरिंग करने वालों के पास फुर्सत तक नहीं है और वे 10 दिन की वेटिंग बता रहे हैं।

मार्च माह आते से ही शहर के कुछ इलाकों के बोरिंग में कम पानी आने की समस्या आने लगी है। जिन इलाकों में हद से ज्यादा बोरिंग हैं, वहां तो समस्या अप्रैल में ही विकराल होने लगेगी, क्योंकि जिस हिसाब से जमीन का जलस्तर गिर रहा है, उससे लग रहा है कि आने वाले समय में बोरिंग से पानी सूख जाएगा। फिलहाल तो लोग संभावित पानी की समस्या से बचने के लिए धड़ाधड़ बोरिंग करवाए जा रहे हैं। शहर के वे इलाके जहां बड़े मकान बन रहे हैं, वहां पहले 6 इंची बोरिंग को प्राथमिकता दी जा रही है, जिसके लिए बड़ी बोरिंग की मशीन लगती है।

ये मशीनें शहर में आसानी से देखी जा सकती है और इन पर किसी तरह की रोकटोक भी नहीं है। छोटी-छोटी मशीनें भी बोरिंग करने वालों ने बुलवाई है। हालांकि इनकी संख्या कम है। बोरिंग व्यवसाय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इन मशीनों की डिमांड ज्याद है, क्योंकि अधिकांश लोग बने हुए घरों में बोरिंग करवा रहे हैं। मामूली तोडफ़ोड़ के बाद घर के अंदर ही बोरिंग हो जाता है, जिससे पानी की समस्या हल हो जाती है, वहीं पुराने बोरिंग में बोरिंग करवाने की भी डिमांड आ रही है, ताकि बोरिंग की गहराई बढ़ाई जा सके ।


  • इसके लिए मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। नगर निगम और पुलिस में सेटिंग के नाम पर यह राशि वसूली जा रही है। अगर कोई किसी नेता या पार्षद के मार्फत बोरिंग करवा रहे हैं तो इस राशि में थोड़ी छूट मिल जाती है। अग्निबाण प्रतिनिधि ने दो बोरिंग करने वालों से 4 इंची बोरिंग की बात कही तो उन्होंने पहले तो बात नहीं की और बाद में उन्हें रिफरेंस से बात की तो उन्होंने लंबी वेटिंग का बताकर बोरिंग करने से साफ मना कर दिया और कहा कि अभी एक सप्ताह से 10 दिन तक की वेटिंग चल रही है, क्योंकि गाड़ी खाली नहीं है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो शहर में अनाप-शनाप बोरिंग हो जाएंगे और एक दिन जलस्तर हद से ज्यादा कम हो जाएगा।

    विजयवर्गीय ने की थी सिफारिश
    भागीरथपुरा कांड की जांच में सामने आया था कि अधिकांश बोरिंग में पानी पीने लायक नहीं है। उसमें भी मिलावट पाई गई थी। तब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शहर में बेतरतीब तरीके से हो रहे बोरिंग को रोकने की सिफारिश की थी और इस पर प्रतिबंध लगाने की बात कही थी, लेकिन भागीरथपुरा कांड के 3 महीने गुजरने के बाद अभी तक इस संबंध में नगर निगम की ओर से कोई पहल नहीं की गई है।

    एसओपी नहीं बनी तो भयंकर परिणाम
    अंधाधुंध तरीके से हो रहे बोरिंग को लेकर शहर में पानी की समस्या चिंता का एक बड़ा विषय हो सकता है। गर्मी के कुछ ही दिनों में प्रशासन द्वारा बोरिंग पर प्रतिबंध लगाया जाता है, नहीं तो बाकी बचे दिनों में धड़ल्ले से बोरिंग हो रहे हैं। इस संबंध में न तो कोई नियम है और न ही एसओपी बनाई गई है, जिसके अनुसार बोरिंग का काम हो सके, वहीं बोरिंग के पानी को अनिवार्य रूप से जांचा भी नहीं जाता है और बीमारियां पैदा होने लगती है।

    कोई शुल्क नहीं, बस सेटिंग का खेल
    बोरिंग करवाने के लिए किसी प्रकार का शुल्क वसूला नहीं जाता है। कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देकर अनुमति ली जाती है। हालांकि इसके पहले उस क्षेत्र के बारे में जानकारी निकालना चाहिए, जहां बोरिंग होना है, लेकिन सेटिंग के चलते परमिशन आसानी से हो जाती है। जहां परमिशन नहीं होती है वहां खुद बोरिंग मशीन संचालक पुलिस और निगम से सेटिंग कर बोरिंग करवा देते हैं, जिसकी राशि वे अलग से मकान मालिक से वसूलते हैं।

    सबसे ज्यादा पानी भवन निर्माण और सर्विस सेंटरों में
    शहर में बड़ी संख्या में वाहनों के सर्विस सेंटर हैं। कंपनियों के सर्विस सेंटर छोड़ दिए जाएं तो प्राइवेट सर्विस सेंटर की संख्या भी शहर में कम नहीं है। यहां दिनभर अनाप-शनाप पानी ढोला जाता है। यह पानी या तो बोरिंग से लिया जाता है या फिर टैंकर मंगाए जाते हैं। यही नहीं रात में चोरी-छिपे निगम के टैंकर भी इन सर्विस सेंटर वालों की पानी की डिमांड पूरी करते हैं, वहीं भवन निर्माण में भी पानी का भरपूर उपयोग हो रहा है और वहां भी अनाप-शनाप पानी बहाया जाता है।

    Share:

  • इन्दौर: भागीरथपुरा में ड्रेनेज लाइन फूटी, अफसरों में मचा हडक़म्प

    Sun Mar 22 , 2026
    कल कई टीमें लगाकर फूटी लाइन को दुरुस्त कराया ड्रेनेज का कार्य कर रही टीम को दी चेतावनी इन्दौर। भागीरथपुरा (Bhagirathpura) क्षेत्र की कई गलियों में ड्रेनेज लाइनों (Drainage Line) के काम नगर निगम (Municipal council) द्वारा कराए जा रहे हैं और उसी के चलते कल दोपहर में खुदाई के दौरान एक गली में ड्रेनेज […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved