
उज्जैन। तीखी गर्मी के मुख्य माह अप्रैल की शुरुआत हो चुकी है। इस साल मार्च पिछले सालों की ज्यादा गर्म नहीं रहा। अप्रैल की शुरुआत भी ऐसी ही रहने वाली है। हालांकि अंत तक यह शहर को तपा देगा। इंदौर में अप्रैल के इतिहास की बात करें तो अब से 68 साल पहले पारा 43 डिग्री के करीब पहुंचा था। तब गर्मी इतनी ज्यादा थी कि आमतौर पर ठंडे माने जाने वाले मालवा के इंदौर में भी निमाड़ जैसा एहसास हो रहा था।
मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल में शहर में न सिर्फ तीखी गर्मी बल्कि तीखी ठंड भी देखने को मिली है। अब से 121 साल पहले 1 अप्रैल 1905 को न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री तक पहुंच गया था, जो पिछले कुछ सालों से ठंड के मौसम में भी नहीं देखा गया है। गर्मी और ठंड के साथ ही अप्रैल में बारिश भी देखी गई है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में अप्रैल माह में औसत अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और औसत न्यूनतम 21.1 डिग्री सेल्सियस रहता है। कभी-कभी बादलों से साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि भी देखने को मिलती है।
10 सालों में 2019 रहा सबसे गर्म, पिछला साल दूसरे स्थान पर
अप्रैल माह में पिछले 10 सालों का रिकार्ड देखें तो सामने आता है कि सबसे ज्यादा तापमान 7 साल पहले 2019 में दर्ज किया गया था। 29 अप्रैल 2019 को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री तक पहुंचा था, वहीं इसके बाद दूसरे स्थान पर पिछला साल ही रहा जब 29 अप्रैल 2025 को तापमान 42.6 डिग्री पर पहुंचा था। दूसरी और सबसे कम अधिकतम तापमान 2023 में 39.6 डिग्री के रूप में दर्ज है। सबसे कम न्यूनतम तापमान की बात करें तो 8 अप्रैल 2017 को 15.6 डिग्री के रूप में दर्ज हुआ था। वहीं सबसे ज्यादा न्यूनतम 2022 में 1 अप्रैल को और पिछले साल 5 अप्रैल को 20.6 डिग्री के रूप में दर्ज है।
ठंडे ही रहेंगे अप्रैल के शुरुआती 10 दिन
मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के शुरुआती 10 दिन में तापमान में कोई खास बढ़त की उम्मीद नहीं है, बल्कि दो दिनों बाद ही तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी देखने को मिल सकती है। पहले सप्ताह में उज्जैन सहित आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती हैं। इससे पहले सप्ताह में तापमान कम ही रहेगा। 10 अप्रैल के बाद तापमान में तेजी देखने को मिलेगी और 15 अप्रैल तक तापमान बढ़कर 38 डिग्री तक जाने का अनुमान है। वेधशाला स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री रहा जो सामान्य था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved