
सिंहस्थ, मेडिकल जांच रेट, स्टायफंड सहित अनेक बिंदुओं पर लगे हैं मामले
इंदौर। आज हाईकोर्ट (High Court) की इंदौर बेंच (Indore Bench) में चीफ जस्टिस (chief Justice) की अगुवाई वाली खंडपीठ में रिकार्ड 16 जनहित याचिकाओं ( record 16 Public Interest Litigations) पर सुनवाई होगी। संभवत: पहली बार एक दिन में इतनी जनहित याचिकाएं सुनी जाएंगी।
जनसमस्याओं से जुड़े तमाम बिंदुओं को लेकर अलग-अलग जनहित याचिकाएं हाईकोर्ट में लंबित हैं। इनमें से 16 आज सुनवाई के लिए लिस्टेड हुई हैं, जिन्हें चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा एवं जस्टिस विनय सराफ की डिविजन बेंच सुनेगी। इनमें एक याचिका विभिन्न बीमारियों से पीडि़त लोगों की मेडिकल जांच हेतु वसूले जाने वाले रेट एवं दवाइयों की कीमतों में भारी अंतर को लेकर लगी है। इसे ही एक अन्य याचिका 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ के बारे में है, जिसमें यह सवाल उठाया गया है कि सिंहस्थ में करोड़ो लोग आएंगे, लेकिन मेला क्षेत्र में रसूखदारों ने अतिक्रमण कर रखा है, जिसे नहीं हटाया जा रहा है। ऐसे में क्राउड मैनेजमेंट कैसे होगा। दो याचिकाएं प्रदेश के नए वकीलों को स्टायफंड दिए जाने के संबंध में है। एक अन्य में भागीरथपुरा मामले की सीबीआई जांच की मांग की गई है। इधर जस्टिस विजय कुमार शुक्ला के आज उपलब्ध नहीं रहने से उनकी डिविजन बेंच नहीं रहेगी, जिसके चलते भोजशाला मामले की सुनवाई आगामी सोमवार से होगी।
हाईकोर्ट बिल्डिंग में महिला वकीलों को चीफ जस्टिस आज सौंपेंगे बड़ा हाल
हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में महिला वकीलों के लिए सर्वसुविधायुक्त बड़े हाल की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो आज पूरी होने जा रही है। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनीष यादव ने बताया कि हाईकोर्ट बिल्डिंग के पुराने डिस्पेच सेक्शन को खाली कराकर महिला वकीलों के उपयोग के लिए दिया जा रहा है। आज दोपहर एक सादगीपूर्ण समारोह में चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा यह हाल महिला वकीलों के लिए सौंपेंगे।