
इन्दौर। चंदननगर से कालानी नगर तक की सडक़ को लेकर कई दिनों से चल रही सुनवाई पूरी होने के बाद अब नगर निगम ने पूरे क्षेत्र में अंतिम नोटिस बांटना शुरू कर दिए हैं। इस नोटिस के तहत बाधक निर्माण 15 दिनों में हटाने की मोहलत दी जाती है और उसके बाद निगम का अमला क्षेत्र में कार्रवाई करने पहुंचता है।
नगर निगम द्वारा चंदननगर से कालानी नगर तक सडक़ बनाए जाने को लेकर पिछले दिनों नपती और निशान लगाने की कार्रवाई की गई थी। उसके बाद वहां के रहवासियों ने सडक़ की चौड़़ाई को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद नगर निगम ने रहवासियों का पक्ष सुनने के लिए तमाम दस्तावेज को लेकर उन्हें झोनलों पर बुलवाकर सुनवाई शुरू की थी।
इसके बाद से वहां लगातार कई दिनों तक सुनवाई चलती रही, जो अब पूरी हो गई है। नगर निगम के अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर के मुताबिक चंदननगर की सडक़ के मामले को लेकर चल रही सुनवाई पूरी हो गई है और अब अंतिम नोटिस बांटने का काम चल रहा है। अंतिम नोटिस के तहत करीब दो सौ से ज्यादा रहवासियों को 15 दिनों में अपने मकान, दुकान के बाधक हिस्से हटाने को कहा गया है। उक्त समयावधि के बाद निगम द्वारा अपने स्तर पर बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। कई दिनों से उक्त सडक़ की चौड़ाई को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है और रहवासी अपने वर्षों पुराने मकान, दुकानों के हिस्से बचाने की जुगत में लगे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved