पुणे। महाराष्ट्र के नसरापुर (Nasrapur, Maharashtra) में चार साल की बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म और हत्या (Rape and Murder) की दर्दनाक घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। पीड़िता के अंतिम संस्कार से पहले वैकुंठ धाम श्मशान घाट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
अंतिम संस्कार से पहले प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। श्मशान घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और शोक है, ऐसे में प्रशासन शांतिपूर्ण अंतिम संस्कार सुनिश्चित करने की कोशिश में जुटा है।
आरोपी 7 मई तक पुलिस हिरासत में
इस जघन्य वारदात के विरोध में लोगों ने पुणे-बेंगलुरु हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया। मामले में गिरफ्तार 65 वर्षीय आरोपी को अदालत ने 7 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, 1 मई को आरोपी ने बच्ची को खाने का लालच देकर एक मवेशी बाड़े में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर पत्थर से हत्या कर दी। इसके बाद शव को गोबर के ढेर के नीचे छिपा दिया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले भी छेड़छाड़ के मामले दर्ज रहे हैं।
सरकार सख्त, फास्ट-ट्रैक ट्रायल का ऐलान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को “मानवता पर कलंक” बताते हुए कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी और दोषी के लिए मौत की सजा की मांग की जाएगी।
साथ ही, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जांच की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि केस में कोई कमी न रह जाए।
नसरापुर की यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, बल्कि समाज को झकझोर देने वाली त्रासदी बन गई है। अब सभी की नजरें जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved