
पटना। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार एमएलसी बनेंगे। सूत्रों के मुताबिक बिहार विधान परिषद् की खाली हो रही सीटों पर वे चुनाव लड़ने वाले हैं। इससे पहले हुए कैबिनेट विस्तार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। फिलहाल वे किसी भी सदन के सदस्य नहीं है। अब आगामी विधान परिषद् चुनावों के जरिए उनकी सदन में एंट्री होगी। इसी तरह उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश की एंट्री भी विधान परिषद् के जरिए होगी। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी नाम की घोषणा नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक जून महीने में विधान परिषद की कुल 10 सीटें खाली हो रही हैं। इनमें 28 जून को नौ सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद एक सीट पहले से खाली है। ऐसे में इन सीटों पर चुनाव होना तय माना जा रहा है। मई के अंत तक विधान परिषद चुनाव की घोषणा संभव. है।
बता दें कि निशांत कुमार और दीपक प्रकाश दोनों ही विधानमंडल के किसी भी सदन के सदस्य नहीं है। अब मंत्री पद की शपथ लेने के बाद 6 महीने के भीतर इन्हें एमएलए या एमएलसी बनना होगा नहीं तो इनका मंत्री पद चला जाएगा। ऐसे में आने वाले विधान परिषद् के चुनाव में दोनों को एमएलसी चुनाव लड़वाने की तैयारी हो रही है। बता दें कि नीतीश कुमार ने विधायक का चुनाव लड़ना लंबे समय से छोड़ रखा था। वे विधान परिषद् के जरिए ही निर्वाचित होकर सीएम बनते रहे। अब निशांत की पॉलिटिक्स में एंट्री भी विधान परिषद् के जरिए होने वाली है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved