
इन्दौर। आईपीएस एकेडमी में चल रहे समर कैम्प में बच्चियों से बेड टच का मामला सामने आया था। इसको लेकर हंगामे की स्थित बन गई थी। देर रात पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर वार्डन को गिरफ्तार कर लिया है। राजेंद्रनगर पुलिस के अनुसार आईपीएस एकेडमी में कुछ समय से एक समर कैम्प चल रहा है। इसमें शहर के अलावा बाहर से भी कई बच्चियां आई हुई है। कल एक बाहर से आई बच्ची ने रोते हुए अपने परिजनों को बताया कि यहां एक टीचर उसको रोजाना बेड टच कर रहा है। हर बार मौका देखकर हरकत करता है। इसके बाद वह रोने लगी। परिवार ने तुरंत अपने रिश्तेदारों को इंदौर में फोन कर वहां जाने को कहा।
ये वहां पहुंचे तो हंगामे की स्थित बन गई। पहले तो एकेडमी से जुडे लोगों ने पल्ला झाडऩे का प्रयास किया और बोला की उस टीचर को निकाल दिया है, लेकिन जब मामला राजेंद्रनगर पुलिस तक पहुंचा तो देर रात पुलिस टीम वहां पहुंची। टीआई यशवंत बड़ोले ने बताया कि देर रात पुलिस ने इस मामले में टीचर और वार्डन विनोद शर्मा निवासी राम-रहीम कॉलोनी राऊ को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पुलिस ने छेडछाड़ और पास्को एक्ट की धारा में केस दर्ज किया है। पुलिस की टीम आज कुछ और बच्चियों के भी बयान लेगी। वहीं पुलिस का कहना है कि उसका कोई पुराना आपराधिक रिकार्ड तो नहीं मिला है, लेकिन इसकी जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved