
भोपाल: इंदौर (Indore) में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) और भाजपा नेत्री व पूर्व मंत्री उषा ठाकुर (Usha Thakur) के बीच सनातन धर्म को लेकर हुई चर्चा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जानकारी के मुताबिक दिग्विजय सिंह इंदौर की रेसीडेंसी कोठी में रुके हुए थे. शनिवार सुबह बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचे थे.
इसी दौरान वहां भाजपा नेत्री उषा ठाकुर भी पहुंचीं और कार्यकर्ताओं के बीच सनातन धर्म को लेकर चर्चा शुरू हो गई. तभी दिग्विजय सिंह वहां पहुंचे और उन्होंने उषा ठाकुर से कहा कि वह स्वयं सनातन धर्म को मानने वाले हैं. सिंह ने कहा, “आप पहले सिर्फ हिंदू-हिंदू करती थीं. मेरे कहने पर ही आपने सनातन शब्द स्वीकार किया.” इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बातचीत का दौर चलता रहा.
दिग्विजय सिंह ने कहा, “मैं जितना सनातनी हूं, उतना शायद आप भी नहीं होंगी. क्या आपने नर्मदा परिक्रमा की है? क्या आप एकादशी का व्रत करती हैं?” इस पर उषा ठाकुर ने सिर हिलाकर जवाब दिया. वहीं उषा ठाकुर ने कहा कि दिग्विजय सिंह व्यक्तिगत रूप से पक्के सनातनी हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से इसे स्वीकार नहीं करते. इस पर सिंह ने जवाब दिया कि वह सार्वजनिक रूप से ही यह बात कह रहे हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved