img-fluid

MP: खंडवा में दिनभर तनाव के बाद हटाई दरगाह… रात में चली जेसीबी.. भारी पुलिस बल रहा तैनात

November 18, 2026

खंडवा। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के खंडवा (Khandwa) में सड़क किनारे बनी एक प्राचीन दरगाह (Ancient Dargah) को हटाने को लेकर मंगलवार को दिनभर विवाद की स्थिति बनी रही। सुबह प्रशासन की कार्रवाई का विरोध होने के बाद देर शाम करीब आठ बजे जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल (Heavy police force) के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद चारों तरफ के रास्ते बंद कर जेसीबी की मदद से दरगाह को करीब 10 मिनट में ढहा दिया गया। कार्रवाई के बाद मलबे को नगर निगम की गाड़ी में भरकर वहां से हटा दिया गया और यातायात सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

सुबह कार्रवाई का हुआ था विरोध
दरअसल, खंडवा में मानसिंह ऑयल मिल के पास सड़क किनारे बनी प्राचीन दरगाह को हटाने के लिए मंगलवार सुबह जिला प्रशासन की टीम पहुंची थी। इस दौरान मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई और कार्रवाई का विरोध किया जाने लगा। आरोप है कि विरोध के बीच प्रशासन की टीम ने दरगाह पर बना टीन शेड जबरन हटा दिया था। हालांकि, लोगों के विरोध को देखते हुए आगे की कार्रवाई रोक दी गई।


  • सिटी मजिस्ट्रेट और शहर काजी के बीच बहस पर भी विवाद
    इसी बीच शाम को हिंदू समाज से जुड़े कुछ संगठनों के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने दिन में कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर और शहर काजी सैयद निसार अली के बीच हुई बहस पर आपत्ति जताई। संगठनों के लोगों का आरोप था कि शहर काजी ने हिंदू मंदिरों को लेकर टिप्पणी की और सिटी मजिस्ट्रेट के साथ अभद्रता की। उन्होंने इस मामले में शहर काजी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

    रात में पुलिस की मौजूदगी में हटाई गई दरगाह
    देर शाम करीब आठ बजे प्रशासन और पुलिस का भारी अमला दोबारा दरगाह के पास पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के रास्तों को बंद कर दिया गया और पुलिस जवानों को तैनात किया गया। इसके बाद जेसीबी की मदद से दरगाह को ढहा दिया गया। कार्रवाई के दौरान जैसे-जैसे लोगों को इसकी जानकारी मिली, मौके पर भीड़ जुटने लगी।

    पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और रास्तों पर तैनात जवानों ने लोगों को वहां से हटाकर भीड़ को तितर-बितर किया। दरगाह हटाए जाने के बाद नगर निगम की गाड़ी से मलबा भी मौके से दूर ले जाया गया। इसके बाद यातायात सामान्य करने की कार्रवाई की गई।

    प्रशासन ने कहा- अधूरा काम पूरा किया
    कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने कहा कि दिन में जो काम अधूरा रह गया था, उसे अब पूरा कर दिया गया है। वहीं, खंडवा के सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया कि मोघट थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में भी फिक्स पिकेट लगाए गए हैं। मौके पर पुलिस बल मौजूद है और स्थिति सामान्य है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved