img-fluid

स्कूलों में मोबाइल बैन करने का असर, छात्रों के नंबरों में हो रहा सुधार

November 18, 2026

डेस्क: आज के समय में मोबाइल फोन आम लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. साथ ही साथ ये बच्चों के लिए भी रोजमर्रा की जिंदगी में काफी उपयोगी है. स्कूल हो या घर, ज्यादातर बच्चे अपना काफी समय फोन की स्क्रीन पर बिताते हैं. कई बार क्लास के दौरान भी उनका ध्यान पढ़ाई के बजाय मैसेज, सोशल मीडिया और गेम्स पर रहता है. इसका असर उनकी पढ़ाई पर भी पड़ता है. अब अमेरिका में हुई एक बड़ी स्टडी ने इस बात को लेकर नई जानकारी दी है.

बच्चों के फोन चलाने को लेकर सामने आई रिसर्च के मुताबिक, जिन स्कूलों में पूरे दिन मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर सख्त पाबंदी लगाई गई, वहां छात्रों के मैथ्स और रीडिंग के नंबरों में सुधार देखने को मिला. इतना ही नहीं, इस सुधार को साल में एक-दो हफ्ते अतिरिक्त पढ़ाई करने के बराबर बताया गया है. हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर एजुकेशन पॉलिसी रिसर्च के रिसर्चर्स ने ये स्टडी की है.

इस स्टडी में साल 2021 से 2026 के बीच अमेरिका के करीब 4,600 स्कूलों के 33 लाख छात्रों के प्रदर्शन का एनालिसिस किया गया. ये छात्र तीसरी से दसवीं कक्षा तक के थे. रिसर्चर्स ने उन स्कूलों के छात्रों के टेस्ट स्कोर की तुलना की, जहां मोबाइल फोन पर सख्त पाबंदी थी और जहां ऐसी पाबंदी नहीं थी.


  • इसके लिए मैथ्स और रीडिंग के MAP टेस्ट के नतीजों को देखा गया. स्टडी में पाया गया कि जिन स्कूलों में छात्रों को पूरे दिन फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं थी, वहां दोनों विषयों में प्रदर्शन बेहतर हुआ. ये सुधार साल में लगभग एक से दो हफ्ते की अतिरिक्त पढ़ाई के बराबर था.

    रिसर्च में पाया गया कि सिर्फ क्लास के दौरान फोन इस्तेमाल न करने का नियम बनाने के मुकाबले सख्त पाबंदी ज्यादा असरदार रही. शोधकर्ताओं के मुताबिक, फोन तक पहुंच सीमित होने से छात्रों का ध्यान पढ़ाई पर ज्यादा रहता है. वे बार-बार नोटिफिकेशन देखने, मैसेज का जवाब देने या सोशल मीडिया चलाने में समय नहीं गंवाते. इससे उन्हें क्लास में पढ़ाई समझने और सवालों पर ध्यान देने का ज्यादा मौका मिलता है.

    अमेरिका के 46 राज्यों में स्कूलों के लिए मोबाइल फोन पर किसी न किसी तरह की पाबंदी या रोक के नियम लागू हैं. हालांकि, हर राज्य और स्कूल में इन नियमों का तरीका अलग है. कुछ स्कूलों में फोन पूरे दिन लॉक करके रखे जाते हैं, जबकि कुछ जगहों पर लंच ब्रेक या क्लास के बीच फोन इस्तेमाल करने की छूट होती है. रिसर्च करने वालों का कहना है कि मोबाइल पर पाबंदी लगाने से ही शिक्षा व्यवस्था की सभी समस्याएं खत्म नहीं होंगी.

    बच्चों की पढ़ाई पर, नींद पर , मानसिक स्वास्थ्य, स्कूल में उपस्थिति और घर पर स्क्रीन टाइम का भी असर पड़ता है. इसके बावजूद फोन पर सख्त रोक एक कम खर्च वाला उपाय हो सकता है. इसका फायदा सिर्फ नंबरों तक सीमित नहीं है. शिक्षकों के मुताबिक, फोन से दूर रहने पर बच्चे एक-दूसरे से ज्यादा बातचीत करते हैं, खेलते हैं और क्लास की गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं. इससे उनके सामाजिक व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य को भी फायदा मिल सकता है.

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved