
पांच गोडाउन जले,बस्ती को बचाया,हडक़ंप मचा
इन्दौर। खजराना (Khajrana) क्षेत्र के अंतर्गत पटेल नगर (Patel Nagar) कर्बला कुएं के पास आज सुबह एक बड़ा अग्निकांड (Massive Fire Breaks Out) हो गया। जिसमें पांच बड़े गोदाम आग की भेंट चढ़ गए। वहीं पास की घनी बस्ती में भी हडक़ंप मच गया था। 5 घंटे तक दमकलकर्मी आग को बुझाने में लगातार लगे रहे।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह 4 बजे के करीब एम आर 9 स्थित पटेल नगर में लोकेश सोनी के गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम में फाइबर डेकोरेशन का सामान भरा हुआ था, जो पूरी तरह जल गया। आग ने कुछ ही देर में कमल दुबे, बेनीसिंह राजपूत, अंकित भाटी, हर्षित चंदेल के गोदाम को भी चपेट में ले लिया। इन गोदाम में इवेंट का सामान, टेंट हाउस का सामान शादी विवाह में काम आने वाले और इवेंट का सामान भरा हुआ था। फायर ब्रिगेड अधिकारी सुशील दुबे ने बताया कि आग को बुझाने के दौरान 50 से ज्यादा पानी के टैंकर लगे। बार-बार आग भडक़ने के कारण भी दमकल कर्मियों को काफी परेशानी उठाना पड़ी। चारों तरफ काला धुआं फैल गया था। घटना के कारण पास की घनी बस्ती में भी अपरा-तफरी मच गई थी। आगे वाले हिस्से को फायर कर्मियों ने खाली करा दिया था। बताया जा रहा है कि यह गोदाम नसीब पिता बेनी पटेल के है, जो इन्होंने किराए पर दे रखे थे। हालांकि आग कैसे लगी इसका खुलासा नहीं हो पाया है। मौके पर पहुंचे फायरकर्मियों ने तरुण नागर के गोडाउन, गोदरेज का गोदाम को भी आग से बचाया। पांच घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।