
इंदौर। इंदौर से शारजाह के बीच संचालित होने वाली मध्यप्रदेश की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय उड़ान जून महीने में भी शुरू नहीं हो पाएगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जून की सभी उड़ानों को अपने सिस्टम से हटा दिया है और अब 1 जुलाई 2026 से दोबारा बुकिंग शुरू की गई है। हालांकि यात्रियों और ट्रैवल एजेंट्स को अब भी इसके शुरू होने पर संदेह बना हुआ है, क्योंकि कंपनी पहले भी कई बार बुकिंग शुरू करने के बाद अंतिम समय में संचालन टाल चुकी है।
उल्लेखनीय है कि इंदौर-शारजाह फ्लाइट का संचालन 28 फरवरी से बंद है। अंतरराष्ट्रीय हालात और पश्चिम एशिया में तनाव के चलते कंपनी ने उड़ान रोक दी थी। इसके बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कई बार अलग-अलग तारीखों से उड़ान शुरू करने की घोषणा करते हुए बुकिंग खोली, लेकिन हर बार अंतिम समय में संचालन निरस्त कर दिया गया। हाल ही में कंपनी ने 1 जून से उड़ान शुरू करने के लिए बुकिंग शुरू की थी और सप्ताह में चार दिन रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को फ्लाइट शेड्यूल भी जारी किया गया था, लेकिन अब कंपनी ने जून की सभी उड़ानों को सिस्टम से हटा दिया है।
वर्तमान में वेबसाइट पर 1 जुलाई से बुकिंग दिखाई जा रही है। ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया का कहना है कि लगातार तारीखें आगे बढऩे से यात्रियों का भरोसा कम हो गया है। कई यात्रियों को पहले टिकट बुक करने के बाद रिफंड और री-शेड्यूलिंग की परेशानी झेलनी पड़ी थी। यही वजह है कि अब लोग फ्लाइट वास्तव में शुरू होने तक टिकट बुक करने से बच रहे हैं।
युद्ध की स्थिति और गर्मी से भी नहीं मिल रहे यात्री
ट्रेवल एक्सपर्ट्स के मुताबिक बुकिंग कम मिलना भी उड़ान शुरू नहीं हो पाने का बड़ा कारण है। कंपनी द्वारा कई बार बुकिंग शुरू की गई, लेकिन ज्यादा बुकिंग ना मिलने से भी इसे आगे बढ़ाया गया। गर्मी के मौसम में यूएई पर्यटन के लिहाज से कम पसंद किया जाता है, वहीं अंतरराष्ट्रीय हालात पूरी तरह सामान्य नहीं होने से भी यात्रियों की संख्या प्रभावित हो रही है। ऐसे में जुलाई से भी फ्लाइट शुरू होने को लेकर संशय बना हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved