
जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र की मोहन विहार कॉलोनी शाहीनाका में रहने वाले रहवासियों ने अपने पड़ोस में रहने वाले सचिन गुप्ता, सूर्यश गुप्ता एवं पूनम गुप्ता के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाना गढ़ा में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत कॉलोनी के समस्त रहवासियों की ओर से दी गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि लंबे समय से कॉलोनी का माहौल खराब किया जा रहा है और आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित परिवार छोटी-छोटी बातों पर विवाद खड़ा करता है और लोगों के साथ गाली-गलौज एवं झगड़ा करता है। आरोप है कि कई बार बाहरी लोगों को बुलाकर मारपीट और धमकी जैसी घटनाओं को भी अंजाम दिया जाता है। इसके चलते कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। रहवासियों ने शिकायत में कहा कि आए दिन किसी न किसी परिवार के साथ विवाद होता रहता है, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि संबंधित लोग तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए कॉलोनी में आते-जाते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है।
करण चौबे परिवार के साथ विवाद का भी उल्लेख
शिकायत पत्र में कॉलोनी निवासी करण चौबे और उनकी पत्नी ज्योति ऋतु चौबे के साथ हुई कथित घटना का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि 16 अप्रैल 2026 को चौबे परिवार के साथ बिना वजह विवाद किया गया और अभद्र व्यवहार किया गया। मामले को लेकर थाना गढ़ा में शिकायत और एफआईआर दर्ज कराए जाने की बात भी कही गई है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण संबंधित लोगों के हौसले बढ़ गए हैं।
प्यासी परिवार के घर में घुसकर विवाद करने का आरोप
शिकायत के अनुसार 1 मई 2026 को कॉलोनी के प्यासी परिवार के घर पर भी कथित रूप से विवाद हुआ। आरोप है कि बाहरी लोगों को बुलाकर घर में घुसकर गाली-गलौज की गई तथा महिलाओं के साथ अभद्रता की गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस दौरान डंडे और लाठी जैसे सामान से लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
मोहन विहार कॉलोनी के रहवासियों ने थाना गढ़ा पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved