नई दिल्ली। आगामी राज्यसभा चुनावों (Upcoming Rajya Sabha Elections) के बीच केंद्र की एनडीए सरकार में कैबिनेट विस्तार (Cabinet Expansion) और फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की टीम में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकते हैं। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि इस बार करीब एक दर्जन मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव संभव है। राज्यसभा चुनाव 18 जून को प्रस्तावित हैं, जिसके बाद इस दिशा में हलचल बढ़ सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों, खासकर उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर रणनीतिक बदलाव कर सकती है। बताया जा रहा है कि कम से कम दो कैबिनेट मंत्री और तीन राज्य मंत्रियों को मंत्रिपरिषद से बाहर किया जा सकता है। साथ ही, एक वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री को दक्षिण भारत के किसी राज्य में संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपे जाने की भी चर्चा है।
सहयोगी दलों को मिल सकता है ज्यादा प्रतिनिधित्व
सूत्रों के मुताबिक, एनडीए के प्रमुख सहयोगी दलों को भी सरकार में अधिक भागीदारी दिए जाने की संभावना है। चर्चा है कि जनता दल (यूनाइटेड), तेलुगु देशम पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा जैसे दलों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। खासतौर पर नीतीश कुमार की जेडीयू और चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी को इसका लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, सहयोगी दलों के अधिकतर नेताओं को राज्य मंत्री स्तर की जिम्मेदारी मिलने के आसार बताए जा रहे हैं।
राज्यसभा सांसदों और नए चेहरों पर फोकस
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि जिन मंत्रियों का राज्यसभा कार्यकाल इस वर्ष या 2027 की शुरुआत में समाप्त होने वाला है, उनमें से कुछ को संगठन में भेजा जा सकता है। भाजपा नेतृत्व 70 वर्ष से अधिक उम्र वाले कुछ राज्यसभा सांसदों की जगह नए चेहरों को मौका देने पर विचार कर सकता है। साथ ही पार्टी मोर्चों में सक्रिय नेताओं को पहली बार केंद्र सरकार में शामिल किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
इन मंत्रालयों में बदलाव की चर्चा
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, रेलवे, वित्त, कॉर्पोरेट अफेयर्स, कोयला, वस्त्र, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी, ग्रामीण विकास, रसायन एवं उर्वरक, सहकारिता, मत्स्य पालन, जल शक्ति, कृषि, पर्यावरण और कानून मंत्रालय समेत कई विभागों में फेरबदल संभव माना जा रहा है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
18 जून को होंगे राज्यसभा चुनाव
18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीटों, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीटों, झारखंड की दो सीटों तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट पर मतदान होगा। इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु की एक-एक सीट पर उपचुनाव भी प्रस्तावित हैं। कुल 26 सीटों के लिए होने वाले चुनाव और उपचुनाव में एनडीए के पास 18 सीटें हैं, जिनमें से 12 सीटें भाजपा के खाते में मानी जा रही हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved