
खंडवा। ओंकारेश्वर तीर्थ (Omkareshwar Pilgrimage Site) के दर्शन से पहले प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल (Governor Mangubhai Patel) ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) का स्वागत किया। उधर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू को स्मृति चिन्ह के रूप में नर्मदेश्वर शिवलिंग, शंख और भगवान ओंकारेश्वर तीर्थ का छायाचित्र भेंट किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर ओंकारेश्वर पहुंचीं। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए इस अवसर पर यहां विशेष तैयारियां की गई थीं, जिसके बाद ओंकारेश्वर हेलीपैड पर पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जोरदार स्वागत किया गया। इस स्वागत सत्कार दौरान खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे (Kanchan Mukesh Tanve) अपने अनोखे अंदाज के कारण चर्चाओं में आ गईं।
दरअसल महामहिम के स्वागत के लिए खंडवा विधायक एक खास तरह का गुलदस्ता लेकर गई थीं, जिसे उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू को भेंट किया। इस अनोखी भेंट को स्वीकार करने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने उसे विधायक कंचन तनवीर को यह कहकर वापस कर दिया कि इसे गरीब बच्चों में बांट दीजिएगा।
दरअसल राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर स्थानीय जन प्रतिनिधियों विशेष उत्साह देखा गया, प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 बरस बाद देश के किसी राष्ट्रपति का खंडवा जिले में आगमन हुआ है। इसी के चलते जनप्रतिनिधियों में विशेष अंदाज में उनका स्वागत सत्कार करने की होड़ देखी गई।
इसी बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ध्यान उस समय विशेष रूप से खंडवा विधायक कंचन तनवे की ओर गया, जब वो उनके स्वागत के लिए पारंपरिक फूलों के गुलदस्ते के बजाय पेन, पेंसिल, रबर और अन्य स्टेशनरी सामग्री से तैयार किया गया विशेष गुलदस्ता (बुके) लेकर पहुंचीं और राष्ट्रपति को भेंट किया। इस अनूठे गुलदस्ते को देखकर राष्ट्रपति कुछ क्षणों के लिए रुक गईं और इसके पीछे की भावना जानने की इच्छा जताई।
महिला विधायक ने राष्ट्रपति को भेंट किया विशेष गुलदस्ता
विधायक कंचन तनवे ने राष्ट्रपति को बताया कि यह गुलदस्ता पूरी तरह से स्टेशनरी सामग्री से तैयार किया गया है और इसका उद्देश्य शिक्षा के महत्व का संदेश देना है। कंचन तनवे की इस पहल से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बेहद प्रभावित हुईं। उन्होंने विधायक की सोच की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा का संदेश देने वाली ऐसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है। राष्ट्रपति ने कहा कि देश में शिक्षा की अलख जगाना सबसे महत्वपूर्ण कार्यों में से एक है और इस दिशा में किए जाने वाले प्रयास सराहनीय हैं।
इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने लगभग 1 मिनिट तक कंचन तनवे से बातचीत की। जहां अन्य जनप्रतिनिधियों के गुलदस्ते लेकर वे आगे बढ़ती रहीं, वहीं कंचन तनवे के विशेष बुके को उन्होंने ध्यान से देखा, उसके साथ तस्वीर भी खिंचवाई और बाद में वही गुलदस्ता विधायक को वापस सौंपते हुए कहा कि इसे गरीब बच्चों के बीच वितरित कर दिया जाए।
ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर किया अभिषेक
राष्ट्रपति मुर्मू मध्य प्रदेश के प्रवास पर गुरुवार को पहले दिन प्रदेश में तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर पहुंची। यहां उन्होंने ओंकारेश्वर तीर्थ और द्वादश ज्योतिर्लिंग में से एक ममलेश्वर के दर्शन कर अभिषेक भी किया। उन्होंने ममलेश्वर और ओंकारेश्वर के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। 12 ज्योतिर्लिंग में से एक ममलेश्वर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश से पहले महामहिम राष्ट्रपति ने नंदी प्रतिमा पर बेलपत्र अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात मुख्य गर्भगृह में मुख्य पुजारियों द्वारा वैदिक रीति-रिवाज और विशेष मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का अभिषेक और पूजन किया। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने देशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved