
जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र की गौर चौकी अंतर्गत नर्मदा नदी में एक 21 वर्षीय छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक पिछले दो दिनों से लापता था और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी पुलिस में दर्ज कराई गई थी। शव मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुतेज बहादुर शाह (21) मूल रूप से डिंडौरी जिले के किसलपुरी क्षेत्र का निवासी था। वह जबलपुर के गौर स्थित संत एलॉयसिस बॉयज हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
हर पहलू पर जांच
पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मर्ग कायम कर लिया है। अब यह जांच की जा रही है कि छात्र हॉस्टल से निकलकर नर्मदा नदी तक कैसे पहुंचा, वह वहां किस उद्देश्य से गया था और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। गुमशुदगी दर्ज होने के महज दो दिन बाद छात्र का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और परिजन इस दर्दनाक घटना से गहरे सदमे में हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved