
जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के कुदवारी इलाके में जमीन कब्जाने की नीयत से एक मकान को जेसीबी मशीन से तोडऩे का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने न केवल पीडि़त का आशियाना जमींदोज कर दिया, बल्कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कुदवारी निवासी मतलूब अहमद अंसारी की खसरा नंबर 116 स्थित जमीन पर टीनशेड का मकान बना हुआ है। घटना के दिन पड़ोसी शमीम ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि कुछ लोग जेसीबी मशीन लेकर आए हैं और उनके मकान को तोड़ रहे हैं।
मौके पर पहुंचे तो उड़ गए होश
सूचना मिलते ही मतलूब अहमद अपने भाई के साथ दोपहर करीब 1:45 बजे मौके पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। आरोप है कि क्षेत्र के ही शिब्बू उर्फ शिवम कनोजिया, संतोष कुशवाहा और ऋषभ गोस्वामी जेसीबी मशीन से मकान को गिरा रहे थे। पीडि़त का कहना है कि आरोपियों ने मकान को भारी नुकसान पहुंचाने के साथ उसमें लगे लोहे के पाइपों को भी कटर से काट दिया। कुछ ही देर में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
विरोध किया तो दी जान से मारने की धमकी
मतलूब अहमद ने जब आरोपियों को रोकने का प्रयास किया और मकान तोडऩे का कारण पूछा, तो आरोपी आक्रामक हो गए। शिकायत के अनुसार मुख्य आरोपी संतोष कुशवाहा ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि भविष्य में इस प्लॉट पर कदम भी मत रखना, अन्यथा जान से मार दिया जाएगा। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पहले से थी जमीन पर नजर
पीडि़त ने पुलिस को बताया कि आरोपी संतोष कुशवाहा काफी समय से उनके प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था। उनका आरोप है कि सुनियोजित तरीके से साजिश रचकर मकान को तोड़ा गया ताकि जमीन पर अवैध कब्जा किया जा सके।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अधारताल थाना पुलिस ने मतलूब अहमद अंसारी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में जमीन कब्जाने को लेकर सक्रिय भू-माफियाओं और दबंग तत्वों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved