
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 से पहले उज्जैन के प्रमुख धार्मिक स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंदिरों के विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। रविवार को संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने इसकी समीक्षा कर अधिकारियों को जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में कालभैरव, अंगारेश्वर, मंगलनाथ, सिद्धवट, सांदीपनि आश्रम, श्री भूखीमाता, श्री नवग्रह शनि मंदिर सहित पीएम एकता मॉल क्षेत्र के विकास प्रस्तावों पर चर्चा हुई। योजना के तहत मंदिर परिसरों का विस्तार, सुगम दर्शन व्यवस्था, पार्किंग, फैसिलिटी सेंटर, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यावरण के अनुरूप निर्माण कार्य किए जाएंगे। संभागायुक्त ने कहा कि सिंहस्थ-2028 में करोड़ों श्रद्धालु उज्जैन आएंगे। ऐसे में मंदिरों में दर्शन व्यवस्था और सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर आध्यात्मिक अनुभव मिल सके। उन्होंने तैयार कार्ययोजना के अनुसार सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर विकास कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी ने प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक, स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved