
जबलपुर। मानसून की बेरुखी से गहराते जलसंकट से निपटने शहर की पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर निगम ने मोर्चा संभाल लिया है. मंगलवार की सुबह निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार स्वयं अधिकारियों की टीम के साथ परियट जलाशय पहुंचे और वहां चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्य में किसी भी तरह लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। नगर निगम के अनुसार, परियट जलाशय में जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है।
इसके लिए 45 सदस्यीय विशेष टीम के साथ आधुनिक मशीनरी तैनात की गई है, जो लगातार तकनीकी कार्यों में जुटी हुई है ताकि शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो। इस दौरान कार्यपालन यंत्री (जल) कमलेश श्रीवास्तव, सहित तकनीकी अमला मौजूद रहा। अधिकारियों की निगरानी में कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने कहा कि नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पूरी टीम पूरी क्षमता के साथ फील्ड में काम कर रही है, ताकि जलापूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों के साथ परियट स्थित मंदिर में भगवान भोलेनाथ, हनुमान जी और इंद्र देव की पूजा-अर्चना कर शहर में अच्छी बारिश और निर्बाध जल उपलब्धता की भी कामना की।