
जबलपुर। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा द्वारा महाकोशल क्षेत्र के विकास को लेकर किए गए ट्वीट पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि महाकोशल के विकास को लेकर राजनीति करने के बजाय तथ्यात्मक चर्चा होनी चाहिए। भाजपा सरकार ने इस क्षेत्र में जितने विकास कार्य किए हैं, वे अपने आप में मिसाल हैं।
मंत्री का कांग्रेस पर हमला
कांग्रेस सरकार के समय 50 लाख रुपये की सड़क तक के लिए लोगों को तरसना पड़ता था। आज भाजपा सरकार करोड़ों रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी देकर समयबद्ध तरीके से पूरा करा रही है।राकेश सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और शहरी विकास सहित सभी क्षेत्रों में महाकोशल को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन विकास कार्य खुद उसकी सच्चाई बता रहे हैं।उन्होंने कहा कि विपक्ष को आलोचना करने का अधिकार है, लेकिन आरोप तथ्यों के आधार पर होने चाहिए। बिना तथ्यों के केवल राजनीतिक बयान देना उचित नहीं है।
कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर क्या बोले?
भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय के हालिया बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर राकेश सिंह ने कहा, विजयवर्गीय जी ने अपनी बात रख दी है, इससे ज्यादा मुझे कुछ नहीं कहना है। उन्होंने इस विषय पर आगे टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
सियासत तेज होने के संकेत
राकेश सिंह के बयान के बाद महाकोशल के विकास को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच विकास के मुद्दे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved