
इंदौर। इंदौर में अवैध हथियारों की धरपकड़ और शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राऊ थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 3 किलोमीटर तक पैदल दौड़ लगाकर एक शातिर बदमाश को घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से मैगजीन में लोड दो जिंदा कारतूस और एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई है।
राऊ पुलिस के अनुसार थाने की एक विशेष टीम क्षेत्र में कानून व्यवस्था और संदिग्धों की धरपकड़ के मद्देनजर सिलिकॉन सिटी इलाके में गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जब पुलिस टीम सिलिकॉन सिटी गेट के पास जैन मंदिर के पीछे स्थित एक खाली और सूने मैदान की तरफ पहुँची, तो वहाँ एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी और जवानों को अपनी ओर आता देख युवक सकपका गया और उसने बचने के लिए मैदान की तरफ ही तेजी से दौड़ लगा दी। संदेही को इस तरह भागता देख पुलिस जवानों ने भी तत्परता दिखाई और बिना वक्त गंवाए उसके पीछे दौड़ पड़े।
पुलिस टीम और आरोपी के बीच मैदान में काफी दूर तक दौड़ चलती रही। आखिरकार करीब 3 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद हांफ रहे आरोपी को जवानों ने चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। पुलिस टीम उसे पकड़कर तुरंत थाने लेकर आई, जहाँ पूछताछ में उसने अपना नाम अजय पिता भगत भावर, निवासी रंगवासा, राऊ बताया। जब आरोपी अजय की तलाशी ली गई, तो उसकी कमर से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने जब पिस्टल की जांच की, वही उसकी मैगजीन के अंदर दो जिंदा कारतूस लोड मिले, जिससे किसी बड़ी वारदात की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved