
इंदौर। इंदौर में कम समय में पैसा दोगुना और तिगुना करने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। लसूड़िया थाना पुलिस ने फर्जी एडवाइजरी कंपनी पर छापा मारकर मैनेजर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी टेलीकॉलिंग के जरिए लोगों को निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसाते थे। शुरुआती जांच में 20 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी सामने आई है, जबकि पुलिस को आशंका है कि यह आंकड़ा करोड़ों में पहुंच सकता है।
दरअसल, लसूड़िया थाना क्षेत्र में आरोपी फर्जी एडवाइजरी कंपनी संचालित कर रहे थे। कंपनी के कर्मचारी लोगों को फोन कर दावा करते थे कि यहां निवेश करने पर तीन महीने में पैसा दोगुना और छह महीने में तिगुना हो जाएगा। मोटे मुनाफे के लालच में कई लोगों ने आरोपियों के बताए बैंक खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर कर दिए। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कंपनी के मैनेजर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीकॉलिंग के लिए सात कीपैड मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, लैपटॉप और कंप्यूटर भी जब्त किए हैं। ठगी के लिए दूसरे लोगों के नाम पर सिम कार्ड लिए गए थे, जबकि रकम को अलग-अलग बैंक खातों में पहुंचाने के लिए म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ठगी के शिकार लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved