
ठंडी पड़ी कांगे्रस में जान फंूकने की कवायद
इंदौर। ठंडी पड़ी कांग्रेस (Congress) में अब जान फूंकने की कोशिश की जा रही है। इसी महीने जीतू पटवारी (Jitu Patwari) युवाओं को साथ लेकर इंदौर (Indore) से लेकर भोपाल तक साइकिल यात्रा निकाल रहे हैं तो युवा संवाद का एक बड़ा कार्यक्रम भी इंदौर में रखा गया है, जिसमें बड़े नेताओं के आने की संभावना है। वहीं दिग्विजयसिंह (Digvijaya Singh) ने भी कल घोषणा कर डाली कि राम मंदिर (Ram Mandir) के चंदे में हुई चोरी को लेकर वे महाकाल से अयोध्या तक की गैरराजनीतिक पदयात्रा निकालेंगे।
दिग्विजयसिंह ने राम मंदिर में चंदा चोरी के मामले को अब भुनाने का फैसला किया है। उन्होंने कल भोपाल में महिला कांग्रेस के कार्यक्रम में यह घोषणा की। दिग्विजयसिंह इसे गैरराजनीतिक पदयात्रा बता रहे हैं, लेकिन यह तो तय है कि इस यात्रा से स्वयं दिग्विजयसिंह को राजनीतिक फायदा होगा और कांग्रेस संगठन में भी जान आएगी। हालांकि 2 अक्टूबर से पदयात्रा निकाली जाना है, लेकिन यह तय है कि मुद्दे को गरम रखने के लिए कांग्रेस ने कमर कसकर तैयारी कर ली है। दिग्विजयसिंह इसके पहले पैदल ही नर्मदा परिक्रमा भी कर चुके हैं। यह यात्रा भी गैरराजनीतिक थी, लेकिन जिस तरह से इस यात्रा का फायदा कांग्रेस को मिला था, उसने कांग्रेस में नई जान डाल दी थी और गांव-गांव के कांग्रेसियों को इक_ा करने का काम किया था। दिग्गी की यात्रा के पहले 14 जुलाई को प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी युवाओं को साथ लेकर इंदौर से भोपाल तक की साइकिल यात्रा निकाल रहे हैं। इसे युवाओं की गूंज कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है। नीट पेपर लीक मामले और बेरोगजारी जैसे मुद्दे इस यात्रा के केंद्र में रहेंगे। यह यात्रा राजनीतिक रहेगी। प्रदेश के युवाओं से पटवारी ने आह्वान किया है कि वे उनके साथ इस यात्रा में शामिल हों। यात्रा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की भी तैयारी है, ताकि युवाओं के बीच संदेश जाए कि कांग्रेस आम लोगों के बारे में सोचती है।