
सीहोर, अमित कुईया। मध्य प्रदेश की सियासत में साइकिल पॉलिटिक्स की एक दिलचस्प और चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी रविवार सुबह सबको हैरान करते हुए अचानक साइकिल चलाते हुए सीहोर पहुंचे। आश्चर्य की बात यह रही कि वे किसी लग्जरी गाड़ी या लाव लश्कर के साथ नहीं, बल्कि भोपाल से पूरे 50 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय कर सुबह-सुबह यहां पहुंचे।
चिंतामन गणेश मंदिर में की पूजा अर्चना
सीहोर पहुंचते ही जीतू पटवारी सीधे प्रसिद्ध और प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर गए। वहां उन्होंने विधि विधान से भगवान गणेश की पूजा अर्चना की और मध्य प्रदेश की खुशहालीए तरक्की और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
चुन्नी मारसाहब की कचौड़ी का चखा स्वाद
साइकिल यात्रा और मंदिर दर्शन के बाद जीतू पटवारी ने सीहोर के स्थानीय रंग में रंगकर सबको अपना मुरीद बना लिया। वे सीहोर की मशहूर चुन्नी मारसाहब की दुकान पर पहुंचे और वहां की प्रसिद्ध कचौड़ी का स्वाद चखा। इस दौरान उन्होंने बेहद सादगी के साथ कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद भी स्थापित किया।
अलीबाबा चालीस चोर की तरह चल रही सरकार
मंदिर परिसर से बाहर आकर जीतू पटवारी अपने पुराने आक्रामक अंदाज में दिखे। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, इस समय मध्य प्रदेश में अद्भुत और अकल्पनीय भ्रष्टाचार का बोलबाला है। प्रदेश की व्यवस्था अलीबाबा चालीस चोर की तरह काम कर रही है, जहां चारों तरफ सिर्फ जनता को लूटा जा रहा है। उन्होंने उज्जैन के महाकाल लोक निर्माण और अयोध्या के कथित जमीन घोटालों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए।
दतिया उपचुनाव में जीत का बड़ा दावा
आगामी दतिया विधानसभा उप चुनाव को लेकर पटवारी ने बड़ा दावा किया कि वहां की जनता भाजपा के कुशासन से तंग आ चुकी है और आगामी चुनाव में कांग्रेस वहां शत प्रतिशत ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि आगामी 14 और 15 तारीख से कांग्रेस एक नई सोच और क्रांतिकारी विचार के साथ पूरे मध्य प्रदेश में जनता के बीच बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved