
बीसीएएसआई के नए नियमों का पालन कर रहे थे अधिकारी
जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों से हुई तीखी बहस
इंदौर, विकाससिंह राठौर।
इंदौर (Indore) के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल (airport) पर वीआईपी विजिट (VIP Visit) की तैयारियों के बीच शनिवार को पास जारी करने को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन (Airport administration) और जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच विवाद खड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि एयरपोर्ट पर मौजूद एक टर्मिनल मैनेजर और मे आई हेल्प यू काउंटर पर कार्यरत एक कर्मचारी को पुलिस वाहन में बैठाकर एयरपोर्ट थाने ले जाया गया, जहां उन्हें करीब दो घंटे तक बैठाए रखा गया। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।
नियमों की जानकारी देने पर बढ़ा विवाद
सूत्रों के मुताबिक जब मीणा ने अधिकारियों से कहा कि उन्हें पास के लिए अधिकृत अधिकारियों से संपर्क करना होगा, तो इस बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। विवाद बढऩे पर एक पुलिस अधिकारी ने टर्मिनल मैनेजर के साथ आई हेल्प यू काउंटर पर कार्यरत एक कर्मचारी को भी एयरपोर्ट थाने ले जाने के निर्देश दे दिए। दोनों को करीब दो घंटे तक थाने में बैठाए रखा गया। मामले की जानकारी एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने पर उन्होंने जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद दोनों कर्मचारियों को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया।
हालिया बीसीएएसआई ऑडिट के बाद बदली गई व्यवस्था
सूत्रों के अनुसार कुछ समय पहले बीसीएएसआई की ओर से इंदौर एयरपोर्ट का सुरक्षा ऑडिट किया गया था। ऑडिट में प्रवेश पास जारी करने की प्रक्रिया सहित कुछ सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आई थीं। इसके बाद बीसीएएसआई ने सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने के क्रम में पास जारी करने के अधिकार वरिष्ठ स्तर पर सीमित अधिकारियों तक रखने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत एयरपोर्ट निदेशक ने पास जारी करने के अधिकार सीमित कर केवल दो वरिष्ठ अधिकारियों तक कर दिए हैं।
अधिकारी सुरक्षा में सहयोग करें ना कि दादागीरी
एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पूरे घटनाक्रम के दौरान केवल बीसीएएसआई के सुरक्षा नियमों का पालन किया। पास जारी करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की ढील देना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं था। वहीं पूरे घटनाक्रम के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को लेकर कहा गया कि उन्हें सेंट्रल एजेंसियों के सुरक्षा मानक पूरे करने में सहयोग करना चाहिए ना कि दादागीरी करते हुए एयरपोर्ट अधिकारियों को थाने ले जाना चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved