
दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में बीजेपी से नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से उनके समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया है। हालात ये हो गए कि हाइवे जाम कर दिया गया और पुलिस-समर्थकों के बीच जमकर पथराव हुआ। नरोत्तम समर्थकों को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े। बता दें कि बीजेपी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है।
नरोत्तम समर्थकों की वजह से NH 44 झांसी दिल्ली हाईवे कई घंटे से जाम हो गया है। नरोत्तम समर्थकों ने बीजेपी ऑफिस पर भी कब्जा कर लिया है और छत से पुलिसकर्मियों पर पथराव किया जा रहा है। पुलिसकर्मी पथराव से बचने की कोशिश में जुटे हैं। पुलिस का दावा है कि नरोत्तम समर्थकों ने पुलिस की गाड़ी भी पलट दी है।
नरोत्तम मिश्रा के एक समर्थक ने आत्मदाह की भी कोशिश की है। इस बीच पुलिस ने समर्थक से पेट्रोल की बोतल छुड़वाई है। अन्य कार्यकर्ताओं के समझाने से समर्थक आत्मदाह करने से पीछे हटा है।
दतिया के जिला मजिस्ट्रेट स्वप्निल वानखेड़े ने कहा, “करीब 11.5 से 12 घंटे तक जाम लगा रहा, जिसमें कई बसें और एक एम्बुलेंस फंसी हुई थीं। हमने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन हमारे पहुंचते ही हम पर पत्थर फेंके गए। इसलिए हमने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। आंसू गैस छोड़ने के बाद भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। पुलिस ने कहीं भी लाठीचार्ज नहीं किया और न ही कहीं बल प्रयोग किया।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved