
नई दिल्ली। नया स्मार्टफोन (Smartphone) खरीदते समय ज्यादातर लोगों का ध्यान उसके कैमरे, डिस्प्ले, प्रोसेसर और चार्जिंग फीचर्स पर होता है। लेकिन फोन के बॉक्स में मिलने वाली एक छोटी सी धातु की पिन अक्सर नजरअंदाज कर दी जाती है। इसे SIM इजेक्टर टूल (SIM ejector tool) कहा जाता है और आमतौर पर इसका इस्तेमाल केवल SIM कार्ड ट्रे निकालने के लिए किया जाता है।
कई लोग इस्तेमाल के बाद इस छोटी सी पिन को संभालकर नहीं रखते, जबकि मजबूत मेटल से बनी यह चीज कई दूसरे कामों में भी बेहद उपयोगी साबित हो सकती है। आइए जानते हैं इसके कुछ ऐसे इस्तेमाल, जिनके बारे में कम लोग जानते हैं।
Wi-Fi राउटर रीसेट करने में मददगार
अगर आपका Wi-Fi राउटर ठीक से काम नहीं कर रहा है या इंटरनेट कनेक्शन में बार-बार परेशानी आ रही है, तो SIM इजेक्टर पिन काम आ सकती है। लगभग सभी राउटर्स के पीछे एक छोटा रीसेट बटन होता है, जो अंदर की ओर दबा हुआ रहता है। इस पिन की मदद से उस बटन को करीब 10 सेकंड तक दबाकर रखने पर राउटर फैक्टरी सेटिंग्स पर वापस आ सकता है। हालांकि, ऐसा करने पर सेव किया गया Wi-Fi पासवर्ड हट सकता है और नेटवर्क को दोबारा सेट करना पड़ सकता है।
ईयरबड्स और चार्जिंग केस को कर सकते हैं रीसेट
आजकल ज्यादातर वायरलेस ईयरबड्स और उनके चार्जिंग केस में एक छोटा हिडन रीसेट बटन दिया जाता है। अगर ईयरबड्स फोन से कनेक्ट नहीं हो रहे हों या पेयरिंग में समस्या आ रही हो, तो SIM इजेक्टर पिन की मदद से उस बटन को दबाकर डिवाइस को रीसेट किया जा सकता है।
दूसरे गैजेट्स के छिपे रीसेट बटन तक पहुंच
यह छोटी पिन सिर्फ फोन और राउटर तक सीमित नहीं है। कई टैबलेट, पोर्टेबल डिवाइस और नेटवर्किंग गैजेट्स में भी ऐसे रीसेट बटन दिए जाते हैं, जिन्हें सीधे उंगली से दबाना मुश्किल होता है। ऐसी जगहों पर यह टूल आसानी से काम आ सकता है।
इमरजेंसी में छोटे कटर का काम
अगर अचानक कटर या कैंची उपलब्ध न हो और कोई पैकेज, कूरियर या प्लास्टिक पैकिंग खोलनी हो, तो यह पिन मदद कर सकती है। इसके नुकीले सिरे से टेप, प्लास्टिक रैपिंग या बोतल की सील हटाई जा सकती है। हालांकि, इस्तेमाल करते समय सावधानी रखना जरूरी है ताकि चोट से बचा जा सके।
छोटे घरेलू कामों में भी उपयोगी
मजबूत धातु से बनी होने के कारण SIM इजेक्टर पिन कई छोटे-मोटे कामों में भी इस्तेमाल की जा सकती है। इससे छोटे स्क्रू को ढीला करने, किसी छोटी वस्तु को उठाने या किसी चीज को अपनी जगह से हटाने जैसे काम किए जा सकते हैं। इसकी उपयोगिता को देखते हुए कई लोग इसे चाबी के गुच्छे के साथ भी रखते हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर यह आसानी से मिल सके। छोटी दिखने वाली यह पिन कई मौकों पर एक उपयोगी मल्टी-टूल साबित हो सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved