
इंदौर। इंदौर युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के अंतर्गत आज एक ऐतिहासिक, प्रेरणादायी एवं अभूतपूर्व जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 8,534 विद्यार्थियों, सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों, खिलाड़ियों, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने एक साथ नशे के विरुद्ध विशाल मानव श्रृंखला बनाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।इस उपलब्धि के साथ इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने अपना ही पूर्व विश्व रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पूर्व 7,100 लोगों की मानव श्रृंखला बनाकर नशे के विरुद्ध जागरूकता का विश्व रिकॉर्ड इंदौर पुलिस के नाम दर्ज था। इस बार शहर के जागरूक नागरिकों की अभूतपूर्व सहभागिता से 8,534 लोगों ने एकजुट होकर नया कीर्तिमान स्थापित किया, जो नशामुक्त समाज के प्रति इंदौर की सामूहिक प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।
इस आयोजन की एक और विशेष उपलब्धि यह रही कि एक साथ 8,534 से अधिक लोगों को नशे के विरुद्ध पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा प्रेरक व्याख्यान देकर सामूहिक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने के आधार पर भी एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया गया है, जिसके वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए दावा प्रस्तुत किया गया है।
इस प्रकार एक ही आयोजन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने दो विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे, अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशामुक्त इंदौर एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान लगातार स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बस्तियों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर जनजागरूकता का व्यापक संदेश दे रहा है। आज का यह ऐतिहासिक आयोजन इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है, जिसने यह सिद्ध कर दिया कि जब समाज और पुलिस एक साथ खड़े होते हैं, तो परिवर्तन केवल संभव ही नहीं, बल्कि इतिहास भी रचता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved