
इंदौर। चंद्रभागा से हरसिद्धि को जोड़ने वाली नई सड़क का निर्माण नगर निगम द्वारा पूरा कर लिया गया और उद््घाटन के चक्कर में सड़क शुरू नहीं की गई थी। वहां बैरिकेड््स लगा दिए गए थे, लेकिन कल गौतमपुरा में लगे जाम के चलते वाहन चालकों ने ही नई सड़क का उद्घाटन कर दिया और वहां लगे बैरिकेड््स और अन्य सामान हटा दिया।
पंढरीनाथ, गौतमपुरा और उसके आसपास के हिस्सों में सड़कों पर हुए कब्जों के कारण रोज जाम की नौबत आती है। वहीं पंढरीनाथ क्षेत्र में सड़कों पर फिर से फूलवालों के कब्जों के कारण रोज शाम को हालात खराब हो जाते हैं। कंबल वाली गली में भी दोनों ओर से वाहनों का आवागमन होने के कारण बमुश्किल 15 फीट गली से वाहन गुजर पाते हैं और इसी के चलते पूरे क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था का कबाड़ा हो जाता है।
इन सबके चलते निगम ने चंद्रभागा से हरसिद्धि झोन तक नई सड़क बनाई है। दोनों लेन का काम पूरा कर लिया गया है और उद््घाटन के चक्कर में सड़क के दोनों ओर बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया था, ताकि वाहन चालक वहां से नहीं गुजरें। कल गौतमपुरा में लगे जाम के बाद कई वाहन चालकों ने बैरिकेड््स हटाकर नई सड़क पर आवागमन शुरू कर दिया और उसके बाद से ही वाहनों का आवागमन चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दो अलग-अलग लेन बनाई गई हैं, जिनमें से एक से वाहन चालक चंद्रभागा से सीधे हरसिद्धि झोन तक पहुंच सकेंगे और दूसरी लेन से हरसिद्धि झोन से चंद्रभागा तक पहुंच सकेंगे। इससे उन्हें जाम से निजात भी मिलेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved