
इंदौर। लोडिंग वाहन की टक्कर से अकाउंटेंट की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार होने के बाद अकाउंटेंट को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां के डॉक्टरों ने एमवाय अस्पताल के माथे इलाज का ठीकरा फोड़ते हुए रैफर कर दिया। इसके बाद अकाउंटेंट को मांगलिया चौकी ले जाया गया, जहां काफी देर तक एंबुलेंस नहीं आई। एंबुलेंस जब आई तो उसमें हूटर और ऑक्सीजन की सुविधा ही नहीं थी। आखिर में अकाउंटेंट की मौत हो गई।
50 वर्षीय अनिल पिता अनोखीलाल निवासी देवास के शव का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। अनिल मूल रूप से देवास का रहने वाला था। वह इंदौर में अकाउंटेंट की नौकरी करता था। अनिल देवास से बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए इंदौर आ रहा था, इस बीच मागंलिया टोल नाके के पास एक लोडिंग वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे अनिल सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। उसे पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज करने से मना कर दिया। बाद में उसे मागंलिया चौकी ले जाया गया, जहां काफी देर तक एंबुलेंस नहीं आई।
जब एंबुलेंस पहुंची तो उसमें ऑक्सीजन सिलेंडर और हूटर जैसी अन्य सुविधाएं नहीं थीं। अनिल को उसी एंबुलेंस से इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत बता दिया। बताया जा रहा है कि हूटर नहीं होने से एंबुलेंस वाले ने मागंलिया से इंदौर आने में सवा घंटा लगा दिया, इस बीच इलाज के अभाव में अनिल की मौत हो गई। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन चालक की तलाश कर रही है। उधर, एक अन्य सड़क हादसे में एक वाहन चालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तराना रोड पर कार वाले ने राहगीर रमेश को चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वह ग्राम दर्जी कराड़िया का रहने वाला था।
भाई को कोचिंग छोड़कर लौट रहा था… वाहन ने मारी टक्कर, मौत
आज सुबह भाई को कोचिंग छोड़कर लौट रहे एक युवक को कोई वाहन वाला टक्कर मारकर भाग गया। युवक की मौत हो गई। 19 साल के अंकुश पिता प्रमोदकुमार रजक निवासी समर्थ प्रीमियम नैनोद गोम्मटगिरि की आज सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अंकुश चचेरे भाई को कोचिंग के लिए रिक्शा में बैठाने के लिए गांधी नगर गया था। वह बाइक से घर लौट रहा था, इस दौरान उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन चालक की तलाश कर रही है।
महिला को ऊंट ने मारी लात, मौत
इंदौर। ब्रिज उतर रही एक महिला को ऊंट ने लात मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसकी मौत हो गई। किशनगंज पुलिस ने बताया कि 75 साल की आस्तीबाई पति मेहताब निवासी अशरफ नगर खजराना को इलाज के लिए बीती 21 तारीख को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आस्तीबाई किशनगंज ब्रिज उतरकर टोल नाके की तरफ जा रही थी, तभी नाले के पास से कुछ ऊंट वाले ऊंट लेकर गुजर रहे थे। एक ऊंट ने आरतीबाई को लात मार दी, जिससे वह दूर जा गिरी और उसे गंभीर चोटें आईं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि ऊंट वाले का पता लगाया जा रहा है। उस पर केस दर्ज किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों राज नगर में एक व्यक्ति को हाथी ने संूड मारकर गिरा दिया और उस पर पैर रख दिया था, जिसके बाद पुलिस ने महावत पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved