
नई दिल्ली। भारत और चीन (India and China) के बीच सिक्किम के नाथू ला पास और हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के शिपकी ला पास के रास्ते शनिवार को 6 साल बाद फिर से सीमा व्यापार शुरू हो गया। कोविड-19 महामारी के बाद भारत-चीन सीमा संबंधों में आए तनाव के कारण साल 2020 से ये व्यापार बंद था। पूर्वी सिक्किम स्थित नाथू ला में औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें दोनों देशों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही समुद्र तल से 14,000 फुट से ज्यादा ऊंचाई पर स्थित इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण दर्रे के जरिए मौसमी व्यापार की वापसी हुई।
38 रजिस्टर्ड कारोबारियों को जारी किए गए ट्रेड पास
सिक्किम के वाणिज्य और उद्योग विभाग की सचिव कर्मा डी. युत्सो ने बताया कि मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार व्यवस्था के तहत ये मौसमी व्यापार नवंबर तक हर हफ्ते सोमवार से गुरुवार के बीच होगा। उन्होंने कहा, ”इस साल 38 रजिस्टर्ड कारोबारियों को ट्रेड पास जारी किए गए हैं। इस रूट से अधिसूचित 36 वस्तुओं का व्यापार होगा, जिनमें हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, पारंपरिक धार्मिक सामग्री, रेडीमेड परिधान और अन्य स्वीकृत वस्तुएं शामिल हैं।”
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
सचिव ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रही है। पहली बार महिला आईटीबीपी प्लाटून भी नाथूला में तैनात की गई है। भारत-चीन के बीच साल 1962 में हुए युद्ध के बाद नाथू ला पास बंद कर दिया गया था, जिसे 2006 में 4 दशक से ज्यादा समय के बाद सीमा व्यापार के लिए फिर खोला गया था। ये दोनों देशों के बीच अधिसूचित सीमा व्यापार केंद्रों में से एक है और यहां सामान्यतः हर साल मई से नवंबर तक व्यापार होता है।
व्यापारियों को तिब्बती क्षेत्र में 72 घंटे तक व्यापार करने के बाद लौटना होगा वापस
हिमाचल प्रदेश के प्राचीन सिल्क रूट माने जाने वले शिपकी ला पास से भी दोनों देशों के बीच व्यापार शुरू हो गया है। हिमाचल प्रदेश के राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने 16 व्यापारियों को उनके घोड़ों के साथ तिब्बत के शिपकी गांव के लिए रवाना किया। मंत्री ने बताया कि व्यापार वस्तु विनिमय (बार्टर) प्रणाली के तहत होगा। व्यापारियों को तिब्बती क्षेत्र में 72 घंटे तक व्यापार करने के बाद वापस लौटना होगा। उन्होंने किन्नौर जिले की सीमावर्ती ग्राम पंचायत नामग्या के शिपकी ला क्षेत्र में 1.70 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक छुप्पन ट्रेड मार्ट का भी उद्घाटन किया। ये केंद्र सीमा व्यापार को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से बनाया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved