
- आज दिनभर यहीं रहेंगे-स्टेशन पर विशेष सफाई व्यवस्था दिखी
उज्जैन। सिंहस्थ की तैयारियों के संबंध में रेलवे जीएम रामेश्वर पांडेय आज सुबह उज्जैन आए तथा शाम तक रहेंगे। जीएम रामेश्वर पांडेय का पूरा दिन निरीक्षण, समीक्षा बैठकों और अधिकारियों के साथ चर्चा में व्यतीत होगा।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महाप्रबंधक सुबह करीब 7.30 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस से उज्जैन पहुंचे। सुबह 10 से 11 बजे तक उन्होंने उज्जैन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन से जुड़े रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण और विकास कार्यों की समीक्षा का कार्यक्रम रखा गया। दोपहर में भोजनावकाश के बाद दोपहर 3 से 4 बजे तक महाप्रबंधक रेलवे के एमडीजेडटीआई (रेलवे प्रशिक्षण संस्थान) का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद शाम 4 से 4.45 बजे तक मीडिया प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद होगा। शाम 4.45 से 5.30 बजे तक मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में सिंहस्थ-2028, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, अधोसंरचना विकास और चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। दौरे के दौरान रतलाम मंडल के वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के अनुसार महाप्रबंधक शाम को मुंबई के लिए रवाना होंगे।