
उज्जैन। महाकाल की पहली सवारी में भीड़ प्रबंधन की टेस्टिंग भी होगी तथा नए अधिकारियों को भी सीखने को मिलेगा। सुरक्षा पर विशेष फोकस रखा गया है। उल्लेखनीय है कि महाकालेश्वर भगवान की पहली सवारी आज निकलेगी, इसमें बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने का अनुमान हैं। इसी वजह से पहले से ही सवारी को लेकर तैयारियां शुरू हो जाती हैं।
पुलिस प्रशासन ने भी इसको लेकर कमर कस ली हैं। पुलिस विभाग के आर आई रणजीत सिंह राणा ने बताया कि ने सावन-भादो महीने में निकलने वाली सवारियों के क्रम में आज प्रथम सवारी निकाली जायेगी। इसमें शहर सहित आसपास के शहरों से 5 लाख लोगों के आने की संभावना प्रशासन ने जताई है और इसी के हिसाब से सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने सवारी मार्ग पर 15 प्रेशर पाइंट चिह्नित किए गए हैं। इन पाइंट पर पुलिस के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सवारी में सुरक्षा के लिए 1500 से ज्यादा पुलिस बल लगाने की तैयारी कर ली है और सिविल ड्रेस में भी सुरक्षा बल सुरक्षा के लिए लगाया जाएगा जो शरारती तत्वों पर निगाह रखेगा। इसके अलावा सवारी मार्ग पर ड्रोन भी उड़ाए जाएंगे। इसके अलावा अन्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी तैनात रहेंगे। जो भीड़ प्रबंधन के दौरान पुलिस का कंधे से कंधा मिलाकर साथ देंगे।