
इंदौर। रिंग रोड पर अभी रोबोट और रेडिसन पर यातायात सबसे अधिक जाम रहता है और अगले दो महीनों में नेशनल हाईवे द्वारा एमआर-10 बायपास पर जो फ्लायओवर निर्मित किया है उस पर से भी यातायात शुरू हो जाएगा, जिसके चलते एमआर-10 से विजय नगर की ओर आने वाले वाहन रेडिसन चौराहा पर गुत्थमगुत्था होंगे और जाम की स्थिति बढ़ेगी, जिसके चलते प्राधिकरण ने एमआर-10 से विजय नगर की ओर फोरलेन के फ्लायओवर निर्माण की प्लानिंग की है। यह फ्लायओवर मेट्रो लाइन के पास से निर्मित होगा। दरअसल, यहां से मेट्रो की लाइन विजय नगर की ओर से आते हुए रोबोट चौराहा की ओर मुड़ती है, जिसके कारण चौराहे पर फ्लायओवर निर्मित नहीं हो सकता। नतीजतन दूसरी तरफ से फ्लायओवर निर्माण का विकल्प अपनाया जा रहा है। रोबोट चौराहा के फ्लायओवर की तैयारी प्राधिकरण ने पूरी कर ली और अब जल्द ही टेंडर भी जारी हो जाएंगे।
पिपलियाहाना, बंगाली और उसके बाद खजराना चौराहा पर बने फ्लायओवरों के कारण यातायात सुगम हो गया, लेकिन खजराना के बाद आने वाले दोनों प्रमुख चौराहों रोबोट और रेडिसन पर इन दिनों सर्वाधिक जाम की समस्या दिनभर ही रहती है। एक तरफ मेट्रो प्रोजेक्ट का काम चल रहा है, जिसके कारण आधी रोड बंद है और बची रोड पर यातायात का दबाव अत्यधिक रहता है। कुछ समय पूर्व तुलसी नगर रोड के सड़क भूमिपूजन में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रोबोट चौराहा पर फ्लायओवर निर्माण की घोषणा की थी, जिसके बाद प्राधिकरण सीईओ डॉ. परीक्षित झाड़े ने फटाफट सर्वे कर ड्राइंग-डिजाइन तैयार करवाई और अब जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
रोबोट चौराहा पर लगभग 60 करोड़ रुपए की राशि से खजराना चौराहा जैसा ही नया फोरलेन फ्लायओवर बनाया जाएगा, जिसके बीच में से मेट्रो ट्रेन का एलिवेटेड कॉरिडोर रहेगा। इस फ्लायओवर के दोनों तरफ 12-12 मीटर की दो-दो लेन रहेगी और इसकी लम्बाई 500 मीटर होगी। रोबोट चौराहा पर तो फ्लायओवर बन जाएगा, लेकिन असल समस्या रेडिसन चौराहा पर आ रही है, क्योंकि यहां पर विजय नगर से मेट्रो का एलिवेटेड कॉरिडोर रोबोट की तरफ मुड़ गया है, जिसके कारण रेडिसन से बॉम्बे हॉस्पिटल की तरफ फ्लायओवर नहीं बन सकता। नतीजतन प्राधिकरण ने एमआर-10 से विजय नगर की ओर फ्लायओवर निर्मित करने का उपाय खोजा और इसमें उसे सफलता भी मिली। सर्वे के बाद इस फ्लायओवर की ड्राइंग-डिजाइन भी तैयार हो गई है। यह फ्लायओवर एमआर-10 से शुरू होकर मेट्रो के एलिवेटेड कॉरिडोर के नजदीक से गुजरते हुए विजय नगर चौराहा की तरफ उतरेगा। हालांकि यह फ्लायओवर फोरलेन ही निर्मित हो सकेगा, लेकिन इससे बायपास की ओर से एमआर-10 होते हुए विजय नगर की तरफ आने वाले यातायात को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि अगले दो महीने में बायपास पर बन रहा फ्लायओवर नेशनल हाईवे द्वारा शुरू कर दिया जाएगा, जिसके कारण तेजी से वाहन एमआर-10 की तरफ आएंगे और रेडिसन चौराहा पर जाम की स्थिति बढ़ जाएगी। हालांकि प्राधिकरण के इस फ्लायओवर निर्माण में भी डेढ़ से दो साल का समय लगेगा, लेकिन इन दोनों फ्लायओवरों से रिंग रोड, विजय नगर, एमआर-10 और देवास नाका की ओर जाने वाले वाहनों को जाम से काफी हद तक राहत मिल जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved