
इंदौर। आप (AAP) पार्टी अब ई20 पेट्रोल (E20 petrol) को लेकर प्रदेश में जागरूकता अभियान (awareness campaign) चलाने जा रही है। इसकी शुरुआत 14 अगस्त को भोपाल (Bhopal) से की जा रही है, जहां राज्यस्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम रखा गया है। इसमें आप पार्टी के प्रदेश प्रभारी जितेन्द्रसिंह तोमर मौजूद रहेंगे।
ई20 पेट्रोल को लेकर आम लोगों में अभी भी भ्रामक स्थिति बनी हुई है। अधिकांश वाहन चालकों ने तो केवल पेट्रोल डलवाना अपने वाहन में शुरू कर दिया है। 10 रुपए कम रेट होने के बावजूद अधिकांश वाहन चालक ई20 पेट्रोल से किनारा कर रहे हैं। ई20 पेट्रोल से होने वाली तकलीफों और उपभोक्ताओं में उठ रहे सवालों को लेकर आम आदमी पार्टी जनसंवाद का आयोजन कर रही है। यह राज्यस्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम 14 अगस्त को शाम 4 बजे नर्मदीय भवन, तुलसी नगर, भोपाल में आयोजित होगा। इसमें मध्यप्रदेश के प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। संवाद कार्यक्रम में ई20 पेट्रोल से जुड़े विभिन्न विषयों, आम नागरिकों की चिंताओं और वाहन चालकों के सामने आने वाले सवालों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि जनहित से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण विषय पर जनता की बात सुनी जाना चाहिए और उसके सवालों को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ सामने रखा जाना चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ मध्यप्रदेश में यह राज्यस्तरीय जनसंवाद आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के सभी जिलों से पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए कहा जा रहा है। यह कार्यक्रम ऑनलाइन भी प्रसारित किया जाएगा, जिससे जिलों में लोग जुड़ सकेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved