
मुंबई: महाराष्ट्र के पांच शहरों से सामने आई घटनाएं इंसानों और आवारा कुत्तों के बीच बढ़ते संघर्ष की गंभीर कहानी बयां कर रही हैं. ये कुत्तों के काटने और हमले की पिछले 8 दिनों की घटनाएं हैं, जिसमें कल्याण, पुणे और पिंपरी चिंचवड़ शहर में कुत्तों के हमले की घटना पिछले तीन दिन में हुई है. पुणे शहर में कुत्तों का एक बच्चे पर हमला करते हुए एक सीसीटीवी फुटेज आज आया है. सोलापुर और जालना जिले से भी ऐसी ही डरावने सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जो ये दिखाती है कि स्ट्रीट डॉग्स का खौफ महाराष्ट्र में लगातार बढ़ता जा रहा है.
कल्याण वेस्ट के संदीप होटल इलाके और आसपास के क्षेत्रों में एक आवारा कुत्ते ने लोगों के बीच दहशत पैदा कर दी थी, जिसे अथक प्रयास के बाद कल्याण पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ने में सफलता पाई. जानकारी के अनुसार, इस कुत्ते के हमले में करीब 150 लोग घायल हुए हैं. लगातार हो रहे डॉग-बाइट के मामलों के बाद इलाके में डर का माहौल है. प्रशांत बोरकर,एसीपी, कल्याण पुलिस ने बताया कि कल्याण के खड़कपाड़ा और महात्मा फुले पुलिस स्टेशन की टीमों ने इलाके में कुत्ते को ढूंढने के लिए तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद ये काटने वाला कुत्ता पकड़ा गया.
पुलिस के साथ स्थानीय कॉरपोरेटर और एक्टिविस्ट भी मैदान में उतर आए हैं. कल्याण में डॉग-बाइट के मामलों में अचानक बढ़ोतरी की जानकारी भी सामने आई है. रुक्मिणीबाई नगर पालिका अस्पताल में सोमवार को 107 नए डॉग-बाइट केस दर्ज हुए, जबकि इससे एक दिन पहले 58 मामले सामने आए थे. यानी समस्या सिर्फ एक कुत्ते तक सीमित है. इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या और हमलों का मुद्दा व्यापक है. इसे लेकर भी प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी हो गई है. स्थानीय कॉरपोरेटरों ने केडीएमसी की इमरजेंसी सर्विस के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर नाराजगी जताई है.
वहीं पिंपरी-चिंचवड़ के म्हेत्रे वस्ती इलाके में चार साल की मासूम बच्ची पर सात आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया. पूरी घटना CCTV में कैद हुई है. चार साल की बच्ची घर के बाहर खेलने गई थी. इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया. बच्ची डरकर भागने लगी, लेकिन कुत्तों ने उसका पीछा किया और हमला कर दिया. पहले दो कुत्तों ने बच्ची को पकड़ा और इसके बाद बाकी कुत्ते भी उस पर टूट पड़े. बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाया. इसके बाद बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. बच्ची को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है.
पिंपरी-चिंचवड़ के चिंचवड़नगर इलाके से भी आवारा कुत्तों के हमले की घटना सामने आई है. यहां चार से पांच आवारा कुत्तों ने एक छोटे बच्चे पर हमला कर दिया. हमले की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है. बच्चे पर कुत्तों को हमला करते देख आसपास के नागरिक तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े और कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाया. स्थानीय लोगों की समय पर मौजूदगी से बड़ी दुर्घटना टल गई.
जालना जिले में एक दस साल के मासूम पर पागल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया. कुत्ते ने मासूम के गाल पर काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हमले की पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. यह घटना जालना जिले की अंबड तहसील के शहागढ़ गांव में सामने आई है. दस साल का मासूम शाम के वक्त सड़क से गुजर रहा था. इसी दौरान एक पागल कुत्ते ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया. कुत्ते ने मासूम के गाल पर काट लिया. उसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved