
उज्जैन। नागपंचमी पर्व पर महाकालेश्वर मंदिर के ऊपर स्थित नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शनों का सिलसिला चल रहा है और मंदिर क्षेत्र में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जमा है। आज सुबह हरसिद्धि मंदिर के समीप लगी रैलिंग में दर्शनों की लाईन में भीड़ का दबाव बढऩे से भगदड़ की स्थिति बनी और बैरिकेट्स टूट गए जिससे कई लोग गिरकर घायल हो गए। सुबह अस्पताल में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को उपचार के लिए लाया गया।
महाकाल मंदिर के नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट खुलने के बाद रात 1 बजे से दर्शनों का सिलसिला शुरू हो गया है। वर्ष में एक बार आज नागपंचमी पर भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन होते हैं और लाखों श्रद्धालु दर्शनों के लिए मंदिर परिसर की रैलिंगों में लाईन में लगे हुए हैं। आज सुबह 8 बजे के करीब हरसिद्धि मंदिर के समीप बैरिकेट्स से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर भीड़ का दबाव अधिक हो गया और पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेट्स गिर गए जिससे भगदड़ की स्थिति बनी और गिरकर कई लोग चोटिल हुए जिनमें से आधा दर्जन से अधिक लोगों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। उल्लेखनीय है कि आज सुबह से मंदिर प्रांगण में लाखों लोगों की भीड़ दर्शनों के लिए जुटी हुई है और रात 12 बजे तक यह सिलसिला लगातार चलेगा। इधर शहर में भी महाकाल जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं का रैला नजर आ रहा है। आज सुबह अस्पताल में सागर निवासी किशनपुरा, अन्नुप्रिया और ममता निवासी गंजबासोदा, सावित्रा बाई निवासी ढाँचा भवन, हिंदी बाई सहि अन्य लोगों का उपचार कराया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved