
उज्जैन। नागपंचमी और सोमवार के संयोग पर महाकाल और भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए रविवार और सोमवार को उज्जैन में लाखों श्रद्धालु पहुंचे। दर्शन के बाद अपने-अपने गंतव्य लौटने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रेल का सफर किया। इसका असर उज्जैन रेलवे स्टेशन पर टिकट बिक्री में भी दिखाई दिया। दो दिनों में ढाई लाख से अधिक यात्रियों ने रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटरों से टिकट खरीदे।
आरपीएफटीआई नरेंद्र यादव के अनुसार, उज्जैन रेलवे स्टेशन पर पिछले इतिहास को देखें तो यह पहला मौका है, जब दो दिन में इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों ने टिकट खरीदे हैं। रविवार और सोमवार को स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के बाद ट्रेनों से अपने शहरों की ओर रवाना हुए।
दो दिन में बना टिकट बिक्री का नया रिकॉर्ड….
नागपंचमी के साथ सोमवार होने से इस बार उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ गई थी। महाकाल मंदिर के साथ साल में एक बार खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचे। दर्शन के बाद रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों का दबाव बढ़ गया। टिकट काउंटरों पर लगातार भीड़ लगी रही और बड़ी संख्या में यात्रियों ने टिकट खरीदकर रेल से वापसी की।
सावन में रेलवे के लिए भीड़ बनी चुनौती…
सावन के इस महीने में उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार, नागपंचमी और महाकाल की सवारी जैसे आयोजनों के कारण रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव और बढ़ गया। पिछले दो दिनों की टिकट बिक्री ने सावन के दौरान रेलवे के लिए नया रिकॉर्ड कायम किया है। लाखों यात्रियों की आवाजाही से स्टेशन पर दिनभर भीड़ का माहौल बना रहा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved