img-fluid

इंदौर: कनाड़िया पर डबल डेकर के साथ अंडरपास का प्रोजेक्ट रद्द रोबोट और रेडिसन चौराहों पर दो फ्लायओवरों को मिलेगी मंजूरी

August 22, 2026

एमआर-10 के दूसरे फोरलेन ब्रिज के काम ने भी पकड़ी रफ्तार

इंदौर। प्राधिकरण (IDA) की मंगलवार को होने वाली बोर्ड बैठक में जहां सम्पत्तियों (Assets) से लेकर अन्य प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाएंगे, वहीं दो महत्वपूर्ण चौराहों पर निर्मित होने वाले फ्लायओवरों (flyovers) के टेंडर (Tender) जारी करने सहित अन्य प्रशासकीय मंजूरी ली जाएगी। प्राधिकरण ने पिछले दिनों रोबोट और रेडिसन चौराहा पर विस्तृत ट्रैफिक सर्वे करवाने के बाद फ्लायओवर बनाने का निर्णय लिया और उसकी रिपोर्ट तैयार कर बोर्ड बैठक में रखी जा रही है। दूसरी तरफ कनाड़िया रोड पर बायपास के ऊपर से लवकुश चौराहा की तर्ज पर डबल डेकर ब्रिज बनाने और उसके विकल्प के रूप में अंडरपास प्रोजेक्ट भी व्यवहारिक रूप से सही नहीं पाया गया, जिसके चलते ये प्रोजेक्ट फाइलों में ही रद्द हो गए हैं। दूसरी तरफ एमआर-10 पर निर्माणाधीन फोरलेन ब्रिज के काम ने अवश्य गति पकड़ ली है।


  • शहर के प्रमुख चौराहों पर फ्लायओवर बनाने की जिम्मेदारी प्राधिकरण ने ली है और मुख्यमंत्री भी इस आशय की घोषणा कर चुके हैंकि शहर के सभी प्रमुख चौराहों को सिग्रल मुक्त करते हुए फ्लायओवरों का निर्माण करवाया जाएगा, जिसके चलते पिछले दिनों निपानिया रोड के भूमिपूजन में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रोबोट चौराहा पर फ्लायओवर के निर्माण की घोषणा भी कर दी, जिसके चलते प्राधिकरण ने ताबड़तोड़ सर्वे सहित अन्य कागजी कार्रवाई पूरी कर ली और इस चौराहे पर भी खजराना की तरह दो-दो लेन के दोनों तरफ यानी फोरलेन फ्लायओवर निर्मित किया जाएगा, जिसके बीच में से मेट्रो का एलिवेटेड कॉरिडोर गुजर रहा है। जिस तरह खजराना चौराहा पर प्राधिकरण द्वारा बनवाए फ्लायओवर से यातायात सुगम हो गया, मगर अब सबसे अधिक जाम रोबोट और उसके बाद रेडिसन चौराहा पर लगता है, जिसके चलते रोबोट चौराहा पर तो खजराना जैसा फ्लायओवर निर्मित हो जाएगा, मगर रेडिसन चौराहा पर अवश्य समस्या आ रही है, क्योंकि मेट्रो विजय नगर से आते हुए इसी चौराहे से रिंग रोड की ओर मुड़ती है, जिसके चलते रिंग रोड के समानांतर फ्लायओवर निर्मित नहीं हो सकता। लिहाजा प्राधिकरण ने एमआर-10 यानी स्टार चौराहा की तरफ से विजय नगर की ओर फोरलेन का फ्लायओवर निर्मित करने का निर्णय लिया है, जिसकी ड्राइंग-डिजाइन भी तैयार हो चुकी है। प्राधिकरण सीईओ डॉ. परीक्षित झाड़े के मुताबिक रोबोट और रेडिसन पर फ्लायओवर का निर्माण करेंगे, जिसके लिए अभी मंगलवार को होने वाली बोर्ड बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और बोर्ड से टेंडर जारी करने सहित अन्य कार्यों के लिए प्रशासकीय मंजूरी भी लेंगे। दूसरी तरफ प्राधिकरण ने एक साल पहले कनाड़िया रोड पर भी डबल डेकर ब्रिज के प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया था। जिस तरह लवकुश चौराहा पर डबल डेकर ब्रिज बनवाया है, उसी तरह कनाडिय़ा रोड पर बायपास के ऊपर से यह ब्रिज प्रस्तावित किया गया, जिस पर 150 करोड़ रुपए से अधिक की राशि के खर्च का अनुमान भी लगाया गया, मगर तकनीकी रूप से यह डबल डेकर ब्रिज का निर्माण संभव नहीं होने के बाद अंडरपास का विकल्प भी तलाशा गया। मगर इसके लिए भी कई तकनीकी समस्याएं सामने आने पर फिलहाल डबल डेकर और अंडरपास का प्रोजेक्ट रद्द कर दिया है। दूसरी तरफ एमआर-10 पर पुराने फोरलेन फ्लायओवर के बगल में ही दूसरा ब्रिज प्राधिकरण बनवा रहा है, जिसके काम में भी अभी गति आ गई है। इस ब्रिज के बनने के बाद 8 लेन से यातायात आवागमन हो सकेंगे। सिंहस्थ के मद्देनजर भी एमआर-10 का यह ब्रिज लाभदायक साबित होगा।

    Share:

  • बुजुर्गों को 19 साल में मिल रही मात्र 200 रुपये पेंशन... सरकार बोली- अभी राशि बढ़ाने का प्रस्ताव नहीं

    Sat Aug 22 , 2026
    नई दिल्ली। केंद्र सरकार (Central Government) ने बुजुर्गों को मिलने वाली 200 रुपये की मासिक पेंशन (Old Age Pension) का बचाव करते हुए कहा है कि लाभार्थी इससे संतुष्ट हैं। सरकार ने बताया कि फिलहाल इस राशि को बढ़ाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। यह रकम पिछले 19 वर्षों से नहीं बदली है। ग्रामीण […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved