
पीथमपुर। पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक खौफनाक सड़क हादसा हो गया। बोकेश्वर महादेव मंदिर से कांवड़ भरकर पीथमपुर सेक्टर-3 स्थित विजय श्री हनुमान मंदिर जा रही कांवड़ यात्रा में एक अनियंत्रित काले रंग की स्कॉर्पियो कार घुस गई।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने श्रद्धालुओं के जत्थे को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 13 कांवड़िये घायल हो गए। घटना दोपहर करीब 3:30 बजे महू-नीमच रोड पर सेक्टर-3 स्थित मदरसन सुमि कंपनी के सामने हुई।
विजय श्री हनुमान सेवा समिति की कांवड़ यात्रा जब आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से आई बेकाबू स्कॉर्पियो कार भीड़ को रौंदते हुए निकल गई। सुरक्षा में पुलिस बल तैनात होने के बावजूद टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत पीथमपुर के सिविल अस्पताल पहुँचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 4 गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया है।
घायलों की सूची
हादसे में घायल श्रद्धालुओं में शैलेश (रवीन्द्र), आशा, लक्ष्मी, प्रकाश (नन्दराम), गोलू (मुन्नालाल), दीपक, पवन, ऋषिका, विशाल, शुभम, कैलाश, लालू और खुशी शामिल हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सभी थानों और चेक पोस्टों पर अलर्ट जारी कर दिया है। काले रंग की फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश में चारों तरफ घेराबंदी और नाकेबंदी कर दी गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved