
सीरिज द रिवोल्यूशनरीज में इंदौर की विरासत का नया रूप
मांडू बना पंजाब, तो महेश्वर घाट से नर्मदा भी आई नजर
इंदौर। यूरोपीय स्थापत्य शैली (European architectural style) के लिए पहचाने जाने वाले इंदौर (Indore) के ऐतिहासिक लालबाग (Lalbagh) पैलेस की एक नई झलक आगामी पीरियड सीरिज में नजर आने वाली है। इसकी झलक हाल में जारी सीरिज के ट्रेलर में नजर आई है।
निखिल आडवाणी की बहुप्रतीक्षित पीरियड सीरिज ‘द रिवोल्यूशनरीजÓ 11 सितंबर को रिलीज होने जा रही है। भारत के स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर बनी इस सीरिज की शूटिंग इंदौर के लालबाग के साथ महेश्वर, मांडू और शीतला माता फॉल जैसी लोकेशन पर हुई है। सीरिज में लालबाग को ब्रिटिश दौर के ‘वायसराय हाउसÓ का रूप दिया गया है और ट्रेलर में लालबाग की कई झलकियां दिखाई दे रही हैं। लालबाग में सीरिज की टीम ने दो दिन तक लगातार शूटिंग की थी। बीते साल अक्टूबर में यहां टीम घोड़े, पुराने समय की बग्घियां भी शूटिंग के लिए लेकर आए थे। यानी दर्शक जब क्रांतिकारियों की इस कहानी को देखेंगे, तो उसके बैकड्रॉप में इंदौर की ऐतिहासिक विरासत भी अपनी एक अलग कहानी सुनाती नजर आएगी। इंदौर के नजदीक ही दो दिन इस फिल्म शूटिंग के लिए शीतला माता फॉल वाली लोकेशन को भी निर्देशक ने पसंद किया था। पूरी टीम ने इंदौर और आसपास के अलावा मांडू और महेश्वर में करीब 25 दिन तक शूटिंग की थी, जहां मांडू को पंजाब का एक इलाका दिखाया गया है, वहीं महेश्वर के घाट पर नर्मदा दिखाते हुए कुछ सीन ट्रेलर में नजर आ रहे हैं।
लालबाग रहा है कई निर्देशकों की पसंद
लालबाग में कई फिल्मों, टीवी शो और वेब सीरिज की शूटिंग हो चुकी है। 1950 में फिल्म ‘आनÓ की शूटिंग दिलीप कुमार यहां कर चुके है। उसके बाद सन्नी देओल की ‘सिंह साब दि ग्रेटÓ और 2018 में मल्टी स्टारर फिल्म ‘कलंकÓ भी 15 दिन के शेड्यूल के साथ शूट हो चुकी है। वेब सीरिज ‘चार्जशीट मर्डरÓ और टीवी शो ‘सुन यार ट्राय मारÓ भी लालबाग में ही शूट हुआ था। तमिल की हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘महलÓ भी 2 शेड्यूल में शूट हो चुकी है।
क्या है कहानी
यह सीरिज प्रसिद्ध लेखक संजीव सान्याल की बेस्टसेलर किताब ‘रिवोल्यूशनरीज – द अदर स्टोरी ऑफ हाउ इंडिया वन इट्स फ्रीडमÓ पर आधारित है। इसमें डिजिटल क्रिएटर भुवन बाम (राश बिहारी बोस की भूमिका में), रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पीरजादा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। सीरिज में भारत की आजादी की लड़ाई के उन गुमनाम युवा क्रांतिकारियों की कहानी दिखाई गई है, जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ सशस्त्र क्रांति का रास्ता चुना था।
इंदौर के युवा बने सरदार
ड्रीम वर्ल्ड मूवीज एंड प्रोडक्शन के हर्ष दवे ने बताया कि इंदौर के कई युवा कलाकारों को इस सीरिज में मौका मिला है। कई महिला कलाकार है, जो मुख्य महिला किरदार के साथ नजर आने वाली है, तो कई पुरुष युवा कलाकारों को मांडू के शेड्यूल में सरदार का किरदार निभाने का मौका मिला है।
पीरियड लुक के लिए चयन
सीरिज की कहानी ब्रिटिशकाल के स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित है। लालबाग पैलेस को चुनने का कारण उसकी भव्य यूरोपीय और भारतीय मिश्रित वास्तुकला रही, जो स्वतंत्रता सेनानियों और उस दौर के शाही परिवेश को दिखाने के लिए निर्देशक के लिए एकदम परफेक्ट लोकेशन के रूप सामने आई। पुरातत्व विभाग ने चल रहे काम के चलते यहां शूटिंग के लिए कुछ ही क्षेत्र में शूट करने की सशर्त अनुमति दी थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved