
दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां कबीरपुरा गांव में एक शख्स ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. मृतकों में आरोपी की पत्नी खेमा बाई, 7 साल की बेटी और 4 साल व 1 साल के दो बेटे शामिल हैं. वारदात के बाद आरोपी कुल्हाड़ी लेकर गांव के बाहर बैठा मिला, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
पुलिस के मुताबिक, कबीरपुरा निवासी द्वारका पटेल और उसकी पत्नी खेमा बाई के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि द्वारका शराब का आदी था और आए दिन पत्नी से विवाद करता था. करीब एक साल पहले खेमा बाई की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ प्रताड़ना का मामला भी दर्ज किया था. हालांकि, बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया और वे दोबारा साथ रहने लगे. परिजनों के मुताबिक, समझौते के बाद भी दोनों के बीच विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था. पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को एक बार फिर द्वारका पटेल और खेमा बाई के बीच विवाद हुआ. विवाद की जानकारी मिलने पर महिला के मायके वाले कबीरपुरा पहुंचे और दोनों को समझाने की कोशिश की. कुछ देर बाद वे वहां से वापस चले गए. उनके जाने के बाद भी पति-पत्नी के बीच विवाद जारी रहा. रात में खेमा बाई अपने तीनों बच्चों के साथ सो गई. आरोप है कि इसी दौरान द्वारका पटेल ने खौफनाक वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई.
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 4 से 4:30 बजे के बीच द्वारका ने कुल्हाड़ी उठाई और सो रही पत्नी तथा तीनों बच्चों पर हमला कर दिया. कुल्हाड़ी के वार से खेमा बाई और तीनों बच्चों की मौत हो गई. सुबह जब आसपास के लोगों की नींद खुली और उन्होंने घर के भीतर का मंजर देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस को तत्काल सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लिया.
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी द्वारका पटेल को गांव के बाहर से हिरासत में ले लिया. बताया गया कि वह वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी लेकर वहां बैठा था. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटना की सूचना मिलने के बाद जिला मुख्यालय से एसपी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम और जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved